एबी रोड से गुजर रह
हाईवे पर चलती बस में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, धुएं से घुटने लगा यात्रियों का दम, खिड़की के कांच फोड़कर कूदे महिला और बच्चे, गिरने से चोट भी आई
एबी रोड से गुजर रही एक वीडियो कोच बस में बुधवार रात 10.50 बजे आग लग गई। हालांकि आग छोटी थी, लेकिन उससे उठा धुआं पूरी बस में फैल गया। यात्रियों का दम घुटने लगा। घबराए यात्रियों ने बस के कांच फोड़ दिए और बाहर कूदे। इस दौरान कुछ यात्रियों को चोट भी आई।
बस ड्राइवर मोहम्मद अली के अनुसार बस महाराष्ट्र से यूपी के बलरामपुर जा रही थी। इसमें अन्य यात्रियों के साथ ही शादी में जा रहे कुछ लोग भी शामिल थे। बस हाईवे से गुजर रही थी, तभी बैटरी बॉक्स में आग लग गई। इसी से बस में धुआं फैल गया। बस रोकी और यात्री कूदे, इसके कुछ देर में ही आसपास के लोग दौड़कर मदद के लिए आ गए। इधर, सूचना मिलते ही डायल-100, कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई थी।
रात 10.50 बजे हादसा : एबी रोड पर मची भगदड़, राहगीरों ने यात्रियों को पानी पिलाया... अन्य वाहनों को दूसरी लेन से निकाला
यात्रियों की मदद के लिए दौड़े राहगीर
एबी रोड से गुजर रही बस से धुआं निकलता देख राहगीर भी सकते में पड़ गए। वे तुरंत बस की तरफ दौड़े। जलते हुए सामान को लोगों ने बाहर निकाला। आग बुझाने की कोशिश भी की। कई यात्री बस से बाहर कूद गए थे। कोतवाली के प्रदीप सिंह सिकरवार, कृष्णपाल सिंह ने घायलों को व्यवस्थित जगह पर बैठा दिया। इस दौरान शिक्षा विभाग में अकाउंटेंट यूसुफ मंसूरी, मोहन वर्मा और इकबाल मंसूरी ने भी घायलों को पानी और अन्य व्यवस्था जुटाई।
बैटरी बॉक्स में आग से यात्रियों का सामान जला
बताया जा रहा है बस के बैटरी बॉक्स में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। इससे बस में रखा यात्रियों का सामान भी जल गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
आंखों-देखी...
लगा दम घुट जाएगा, कांच फोड़ कूद गए
हम नींद में थे। अचानक बस में धुआं फैला और दम घुटने लगा। अंदर चीख-पुकार मच गई। कुछ लोगों ने खिड़की तोड़ी और वहीं से कूद गए। मेरे साथ मो. खालिद और दो बच्चे जुनैद व इरफान भी कूदे। हमारे पैर में चोट आई है। वहीदा और शाहिदा भी घबरा गए। -जैसा मोहम्मद अतीक ने भास्कर को बताया