अध्यक्ष, सचिव और चौकीदार का पुतला बनाकर दी फांसी
शाजापुर | गोपाल गोशाला में गत दिनों प्रसूता गाय और उसके बछड़े को रखने से मना करने का मामला बुधवार को भी शांत नहीं हुआ। गोरक्षा टीम के मनोज गवली ने बताया मंगलवार को जिम्मेदारों ने बुधवार शाम 5 बजे चर्चा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन एक भी सदस्य नहीं पहुंचा। संपर्क किया गया तो कुछ लोगों के साथ घर पर आकर चर्चा करने की बात फोन पर कहने लगे। जिम्मेदारों ने आजाद चौक में चर्चा करने से इनकार कर दिया। इससे टीम सदस्य भड़क गए और करीब 1 घंटे तक नारेबाजी करते हुए गोशाला अध्यक्ष बालकृष्ण महेश्वरी, सचिव राजेंद्र नागर, चौकीदार शंकर गिरी सहित कोषाध्यक्ष का पुतला बनाकर उसे फांसी पर लटका दिया। आगे चर्चा नहीं होने की स्थिति में विरोध कर रहे युवाओं द्वारा चार दिन बाद आजाद चौक में ही अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई।