पद्धति अलग-अलग, फिर भी 23 अप्रैल से एक साथ होंगी कॉलेज की परीक्षाएं
शाजापुर | विक्रम विवि की परीक्षाओं के केंद्र बने जिले के छह से ज्यादा सरकारी कॉलेजों में कुछ दिन बाद सेमेस्टर एक्जाम भी शुरू हो जाएगी। यह परीक्षा दोपहर की पाली में भी होने से अब इस पाली के समय सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक में छात्रों की कक्षाएं नहीं लग सकेंगी। इन केंद्रों पर स्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों की वार्षिक परीक्षाएं पहले से चलकर अब लगभग आधी खत्म भी हो चुकी हैं। वार्षिक और सेमेस्टर पद्धतियां भले ही अलग-अलग हों, लेकिन अब 23 अप्रैल से कॉलेजों में सेमेस्टर और वार्षिक पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों की परीक्षाएं एकसाथ ही चलेंगी। लीड बीएसएन कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. वी.के. शर्मा ने बताया विवि ने स्नातक के दूसरे, चौथे, छठे तथा स्नातकोत्तर के दूसरे, चौथे, छठे व आठवें सेमेस्टरों के नियमित, प्राइवेट, एटीकेटी परीक्षाओं का टाइम टेबल हाल ही में जारी कर दिया है। कॉलेजों ने इसे सूचना पटल पर चस्पा करवा दिया है।
स्नातकोत्तर में परीक्षा कार्यक्रम ये
एम.कॉम. दूसरे सेमेस्टर की 3 से 17 मई, एम.कॉम. चौथे सेमेस्टर की 2 से 16 मई तक। एम.ए. दूसरे सेमेस्टर की 3 से 22 मई तक व एम.ए. चौथे सेमेस्टर की 2 से 28 मई तक। पीजीडीसीएसए दूसरे सेमेस्टर की 5 से 23 मई तक। एम.कॉम. व एम.ए. की परीक्षाएं सुबह की पाली तथा पीजीडीसीएसए की परीक्षा शाम की पाली में होगी।