सीसीटीवी फुटेज खंगाले एक ऑटो संदेह के घेरे में
शहर के लालघाटी थाना क्षेत्र में गत दिनों हुई लाखों रुपए की चोरी के मामले में पुलिस बदमाशों को तलाशने में जुट गई है। पुलिस सूत्रों की मानें तो आदित्य नगर में हुई वारदात के 12 घंटे पहले और बाद के सीसीटीवी फुटेज खंगाल लिए हैं। इसके आधार पर एक आॅटो संदेह के घेरे में आया है। इधर, पुलिस की अलग-अलग टीमों ने 8 से ज्यादा स्थानों से संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई। हालांकि इतना सब करने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली ही रहे।
आदित्य नगर में बार-बार हो रही चोरियों को लेकर रहवासियों में पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश भी पनपने लगा है।
हाईवे से जुड़ा है क्षेत्र, चोरों को भागने में आसानी
रहवासियों की मानें तो काॅलोनी क्षेत्र बड़ा होने के साथ ग्रामीण रूट सहित हाईवे से जुड़ा है। ऐसे में बदमाशों को भागने के कई रास्ते मिल जाते हैं। बावजूद ज्यादातर समय पुलिस गश्त नहीं होती। यहां के रामकुमार ने बताया वारदात के बाद ही कुछ दिनों तक पुलिस जवान नजर आते हैं, लेकिन धीरे-धीरे यह भी गायब हो जाते हैं। लालघाटी टीआई एएस मुजाल्दे के अनुसार बदमाशों की धरपकड़ के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कुछ संदिग्ध स्थिति भी सामने आई। जल्द से जल्द खुलासे के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।