शाजापुर | जिला सहकारी बैंक में पेंशनर्स संघ अध्यक्ष और सीईओ के बीच हुए विवाद को लेकर पेंशनर्स सोमवार को उपवास पर बैठ गए। महज दो घंटे में ही विवाद शांत हो गया। सहकारी बैंक के सीईओ डीआर सरोठिया ने धरना स्थल पर पहुंचकर पेंशनर्स के सारे गिले-शिकवे दूर करते हुए माफी मांगी और मिठाई खिलाकर उपवास खुलवाया। संघ सचिव उम्मेद जैन ने बताया 21 मई से क्रमिक उपवास से चरणबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया। सोमवार सुबह 10.30 बजे बैंक के बाहर मंच बनाकर उम्मेद जैन, प्रकाश जैन, प्यारेलाल माली, ऋषभ कुमार जैन, मोहनलाल भेनिया, रामप्रसाद कारपेंटर, चंदरसिंह परमार ने उपवास शुरू किया। सचिव जैन के अनुसार दो-तीन घंटे के दौरान बैंक सीईओ सोरठिया उपवास स्थल पर पहुंचे और उन्होंने मामले को लेकर माफी मांगी। इसके बाद उनका आंदोलन खत्म हो गया।
आंदोलन को समर्थन देने के लिए बैंक संचालक दिलीप भंवर भी मौजूद थे।