नया इंटकवेल बनाने के लिए मौका मुआयना करने पहुंची निर्माण एजेंसी
शाजापुर | एक इंटकवेल फेल होने के बाद नए सिरे से डेम के डूब क्षेत्र में बनाए जाने वाले 1 करोड़ 70 लाख रुपए के इंटकवेल निर्माण लिए ठेका लेने वाले गुजरात की कंपनी उत्सव की टीम सोमवार को शाजापुर पहुंची। उन्होंने जहां निर्माण किया जाता है, उस क्षेत्र का अवलोकन किया। हालांकि लिखित रूप से ड्राइंग डिजाइन को स्वीकृति और वर्क आर्डर जारी नहीं हो पाने के कारण वे फिलहाल निर्माण शुरू नहीं करा पा रहे हैं। नपा सीएमओ भूपेंद्र दीक्षित की मानें तो नपा की तरफ से स्वीकृति दे दी है। लिखित रूप से कागजी औपचारिकता के बाद वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिया जाएगा। निर्माण एजेंसी के इंजीनियर किशोर भाई ने बताया यदि वर्क ऑर्डर मिल जाएगा तो हम तत्काल निर्माण शुरू करा देंगे। ज्ञात रहे इंटकवेल बनने के बाद ही 12 करोड़ से हुए यूआईडीएसएसएमटी योजना का उपयोग शुरू हो सकेगा। इसके बाद वाटर वर्क्स तक डेम का पानी सीधे पाइप के माध्यम से पहुंचने लगेगा।