हाईवे पर बैठक कर शराब पीने वालों को पुलिस ने खदेड़ा
शाजापुर | शराब दुकान के हाईवे पर आते ही शराब के नशे में मारपीट और झगड़ा करने के मामले बार-बार सामने आ रहे हैं। जिसे देखते हुए कोतवाली पुलिस ने शनिवार रात 9 बजे हाईवे किनारे बैठक कर शराब पीने वालों को खदेड़ दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस बदमाशों पर सख्ती करते हुए अहाते में बैठने की हिदायत भी दी। इसके बाद पुलिस ने उत्कृष्ट स्कूल मैदान में बैठे लोगों को भी जमकर पीट दिया।
ज्ञात रहे गत दिनों एबी रोड स्थित शराब दुकान पर शाजापुर निवासी चंदू और राहुल के बीच चाकूबाजी तक हो गई थी। जिसके बाद इस तरह की वारदातों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी। टीआई आरके नैन के अनुसार बार-बार सामने आ रही शिकायतों को लेकर कार्रवाई की गई। दो-तीन दिनों से की जा रही है। स्कूल मैदान सहित शहर के अन्य स्थानों रेलवे स्टेशन क्षेत्र, नहर पुलिया और बेरछा रोड पर भी गश्त के समय शराबियों पर नजर रखी जा रही है। यदि कोई इस तरह खुले और सार्वजनिक स्थान पर नशा करते पाया गया तो कार्रवाई तय है।
पंचक्रोशी यात्रा में गए वृद्ध की मौत
शाजापुर | शाजापुर के नीलकंठ काॅलोनी क्षेत्र निवासी एक वृद्ध की पंचक्रोशी यात्रा के दौरान मौत हो गई। उज्जैन पुलिस से मिली जानकारी के बाद कोतवाली टीआई ने शाजापुर में पड़ताल की तो मृतक का नाम मोहनलाल सामने आया है। टीआई आरके नैन के अनुसार परिजन को सूचना कर संबंधित की शिनाख्त कराई जाएगी।