जनसुनवाई में आए पेयजल समस्या के ज्यादा आवेदन
हरजीनगर, दिल्लौद और मेहंदीखेड़ा के ग्रामीणों ने बताई समस्या
भास्कर संवाददाता | शाजापुर
इस बार जनसुनवाई में भी पेयजल संकट की समस्याएं आईं। कालीसिंध के हरजीनगर, दिल्लौद और मेहंदीखेड़ा के ग्रामीणों ने कलेक्टोरेट में जिपं सीईओ वंदना शर्मा को आवेदन देकर समस्या बताई। हरजीनगर से बड़ी संख्या में महिलाएं आईं और उनके क्षेत्र की पेयजल समस्या से अवगत कराया। दिल्लौद की अजोध्याबाई के साथ आई महिलाओं ने बताया सरकारी कुएं पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। मेंहदीखेड़ा के भगवान सिंह और अन्य लोगों सहित अन्य गांवों के लोगों ने भी पेयजल एवं मवेशियों के लिए पानी की उपलब्धता की समस्या बताई।
बंटवारे के लिए दिए आवेदन पर नहीं हो रही कार्रवाई
सारसी के अंतरसिंह ने बंटवारे के लिए मोहन बड़ोदिया तहसील में पूर्व में दिए गए आवेदन के बाद भी बंटवारे की कार्रवाई नहीं होने, खरगोन के वृषकेतन वर्मा एवं चांदनी वर्मा ने विवाह प्रमाण-पत्र प्रदान करने, बिरगोद के इंदरसिंह ने जंगली जानवरों द्वारा फसल नुकसान का आकलन पटवारी द्वारा सही नहीं करने और बिरगोद के ही बालू ने पट्टे की भूमि पर नाम दर्ज कराने, शाजापुर की कमरून्नीसा बी ने कमालशाह दरगाह के लिए मुजावर नियुक्त करने संबंधी आवेदन दिया। जिपं सीईओ शर्मा, डिप्टी कलेक्टर कलावती ब्यारे, जिला संयोजक निशा मेहरा ने ग्रामीणों की परेशानियां सुन निपटारा कराया।