पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • तीन माह में 14 चोरियां, बदमाशों को पकड़ना तो दूर चोरी का सुराग तक नहीं लगा पाई पुलिस

तीन माह में 14 चोरियां, बदमाशों को पकड़ना तो दूर चोरी का सुराग तक नहीं लगा पाई पुलिस

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
साल की शुरुआत से लेकर बीते माह तक शहर के एक दर्जन स्थानों पर अज्ञात बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब तक इन चोरियों का खुलासा तक नहीं कर पाई। इधर हाल ही में बस स्टैंड ट्रैफिक पाइंट के पास स्थित एटीएम में किसान के साथ हुई धोखाधड़ी के मामले में भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा। बावजूद इसके लालघाटी और कोतवाली पुलिस मामले में जांच का हवाला देते हुए जल्द आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है। हालांकि दोनों थानों के सूत्रों की माने तो अभी तक पुलिस के हाथ ऐसा कोई सुराग नहीं लगा, जिससे बदमाशों को पकड़ा जा सके।

चोरियों का जल्द से जल्द खुलासा करने का पुलिस पर दबाव बना हुआ है। ऐसे में गत दिनों पुलिस के हत्थे चढ़े कुछ बदमाशों से पूछताछ भी की गई, लेकिन कोई ठोस सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बदमाशों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और पुराने बदमाशों के रिकाॅर्ड खंगाले जा रहे हैं। चोरी के मामलों में पहले पकड़े जा चुके बदमाशों के बारे में भी पुलिस यह जानकारी जुटा रही है। इसमें मक्सी का अशोक ढोलक, बबलू इंदौरी सहित करीब आधा दर्जन बदमाशों की पड़ताल की जा रही है। इधर कुछ दिन पहले शरद नगर के पास से एक संदिग्ध युवक भी पुलिस के हत्थे चढ़ा, लेकिन दोनों ही थानों की पुलिस ने इस मामले में कोई खुलासा नहीं किया।

साल 2017 में शहर के फर्नीचर व्यापारी नीलेश जैन के घर हुई चोरी पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। 14 सितंबर को अज्ञात बदमाशों ने यहां सोने-चांदी सहित नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। फरियादी के अनुसार 30 लाख रुपए से ज्यादा का सामान चोरी हुआ। इसके बाद वर्ष 2018 के मार्च, अप्रैल और मई में तो बदमाशों ने लगातार वारदातें की। 25 अप्रैल को काशीनगर में एक साथ चार स्थानों पर ताले टूटे। 16 अप्रैल को आदित्यनगर के वासुदेव देशमुख के घर से 10 तोला सोने के आभूषण चोरी हुए। इसी वारदात के साथ करंदीकर परिवार के सूने मकान पर भी चोरी। इसके बाद कृषि मंडी में बदमाशों ने 10 हजार रुपए कीमत के चने की तीन बोरी गायब कर दी। राजनगर के नौशाद खान के घर से सिलेंडर व अन्य सामान चोरी हुआ।

शहर की उक्त चोरियों के बाद भी पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं देखा गया। 1 मई की रात अज्ञात बदमाशों ने लालघाटी थाना क्षेत्र में चार स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। साथ ही कोतवाली थाने के काशीनगर में बदमाशों ने 3 मकानों पर अपना काम दिखा दिया। इस मामले में भी अब तक पुलिस के हाथ खाली है।

कोतवाली थाने के नवागत टीआई आलोक परिहार के मुताबिक काशीनगर क्षेत्र में हुई चोरियों को लेकर भी टीम लगातार मुखबिर तंत्र से सूचनाओं का संकलन कर रही है। साथ ही एटीएम में किसान के साथ हुई धोखाधड़ी के मामले में भी किसान के बैंक खाते की जानकारी मांगी गई है। इसकी जांच की जा रही है।

एक लूट का खुलासा करने पर सम्मान करने पहुंचे व्यापारी

शाजापुर. करीब 15 दिन पहले लाहोरी बल्ड़े पर हुई एक सामान्य लूट का पुलिस ने करीब एक सप्ताह पहले पटाक्षेप कर दिया। वाहन चालक से लूट की राशि बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस पर गुरुवार को व्यापारी एसपी कार्यालय पहुंचे और एसपी शैलेंद्रसिंह चौहान, एएसपी ज्योति ठाकुर, तात्कालीन थाना प्रभारी जितेंद्र जादौन को सम्मानित कर दिया।

जल्द ही खुलासा करेंगे

क्षेत्र में हुई चोरियों को लेकर बदमाशों की तलाश की जा रही है। वारदात से संबंधित हर बिंदु को अहम मानकर जांच कर रहे हैं, जल्द खुलासा करेंगे। ए.एस. मुजाल्दे, टीआई लालघाटी थाना

खबरें और भी हैं...