- Hindi News
- National
- सरकारी स्कूल हरायपुरा के कमराें में फीस लेकर अब नहीं चलेगी जूडो की कोचिंग
सरकारी स्कूल हरायपुरा के कमराें में फीस लेकर अब नहीं चलेगी जूडो की कोचिंग
वार्ड 18 के शासकीय बालक मावि हरायपुरा के दो कमरों में खिलाड़ियों से फीस लेकर जूडो की कोचिंग देना अब बंद हो जाएगा। यहां इस तरह की कोई क्लास भी नहीं चलेगी। गत दिवस वार्ड पार्षद प्रतिनिधि कैलाश गवली द्वारा डीईओ कार्यालय में शिकायत करने के बाद बुधवार को वार्ड के रहवासी एवं स्कूली बच्चे शिकायती आवेदन लेकर कार्यालय पहुंचे। वहां डीईओ के.एस. राजपूत व प्रभारी डीपीसी राजेंद्र शिप्रे को समस्या बताई कि दूसरे खिलाड़ियों से फीस लेकर स्कूल के कमरों में खेल सिखाने वाला स्कूल मैदान में हमें ही नहीं खेलने देता। वार्ड के मनोज गवली के नेतृत्व में बच्चों ने स्कूल के कमरों में चलने वाली जूडो क्लास तुरंत बंद कर खेल मैदान में स्कूल व मोहल्ले के बच्चों को खेलने देने की व्यवस्था का अनुरोध किया। डीईओ ने प्रभारी डीपीसी व संस्था प्रधान से कार्यालय में ही चर्चा की।
शिप्रे के अनुसार मामले में डीईओ के निर्देश पर कोचिंग चलाने वाले को तत्काल नोटिस जारी कर वहां से कोचिंग बंद कर अपना सामान हटाने के निर्देश दे दिए हैं। बच्चों एवं वार्डवासियों की परेशानी गंभीरता से सुनी गई है।
कार्यालय पहुंचे स्कूली बच्चों व वार्डवासियों की समस्या सुनते डीईओ, डीपीसी।
भास्कर ने उठाया था मामला
सबसे पहले और सिर्फ भास्कर ने ही 9 मई को हरायपुरा के सरकारी स्कूल के हॉल पर कब्जा, फीस लेकर दे रहा जूडो की ट्रेनिंग शीर्षक से खबर प्रकाशित की। इसके बाद लगातार मामले को फाॅलो करते हुए जिम्मेदारों से चर्चा की। सूत्रों ने बताया तात्कालीन डीईओ से इस संबंध में जो स्वीकृति ली थी, उसे भी वर्तमान डीईओ ने निरस्त कर दी है।