हिमाद्री स्नान के बाद देवी-देवताओं का आह्वान करते भक्त।
भास्कर संवाददाता | शाजापुर
शहरी हाईवे स्थित श्री नित्यानंद आश्रम में वार्षिकोत्सव के रूप में मनाए जाने वाले पांच दिनी विशेष धार्मिक आयोजनों की शुरुआत रविवार से हो गई। देवी-देवताओं के आह्वान के साथ आश्रम में महायज्ञ शुरू हुआ। सद्गुरु नित्यानंद बापजी की आराधना करने वाले चार प्रदेशों के भक्त इस अनुष्ठान में विश्व शांति के लिए कामनाएं करेंगे।
जानकारी के अनुसार आश्रम की इस 60 साल पुरानी परंपरा का निर्वहन करने के लिए रविवार सुबह से ही शहर सहित समीप क्षेत्रों व अन्य राज्यों के भक्तगण आश्रम पर जुटने लगे। अलसुबह 6 बजे हिमाद्री स्नान विधि से धार्मिक कार्यक्रम शुरू हुए। 8 बजे बाद देवी-देवताओं का आह्वान करके दोपहर 12 बजे से यज्ञ की अग्नि प्रज्ज्वलित की गई। इसके बाद भक्तों ने मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां देना शुरू की। कई भक्तों ने मधुर भजन गाए। शाम को सद्गुरु देव नित्यानंद बापजी की महाआरती के बाद यज्ञनारायण की आरती की गई। स्थानीय ट्रस्ट सदस्यों के अनुसार इस आयोजन में मप्र सहित राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात से भी भक्त आकर धर्मलाभ लेंगे।