शराबी युवक की दुकानदार से झड़प, दो पक्ष आमने-सामने
गुरुवार देर रात ज्योतिनगर क्षेत्र की घटना, पुलिस ने शांत कराया मामला
भास्कर संवाददाता | शाजापुर
शहर के ज्योतिनगर क्षेत्र में गुरुवार रात दो गुटों के बीच मामूली बात को लेकर तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। बताया जा रहा है यहां शादी समारोह में शामिल हुए एक युवक ने शराब के नशे में दुकान पर अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की थी। इसी को लेकर दोनों पक्ष (रहवासी और बाहर से आए लोग) आमने-सामने हो गए। माहौल अशांत होने की सूचना मिलते ही पहुंची लालघाटी पुलिस ने सख्ती करते हुए मामला शांत करा दिया। इधर सूत्रों की मानें तो विवाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव भी किया था।
जानकारी के अनुसार रात 9.30 बजे यहां निकल रही बरात में शामिल युवक बीड़ी-सिगरेट लेने एक दुकान पर खड़ा था। इसी दौरान दुकानदार से सामान कम-ज्यादा देने-लेने की बात पर दोनों की बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। झड़प इतनी बढ़ी कि समुदाय विशेष के दोनों गुटों में पथराव शुरू हो गया। बताया जा रहा है विवाद करने वाला युवक दूसरे शहर का था, जो मेहमान बनकर आया था। लालघाटी टीआई एएस मुजाल्दे दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और विवाद कर रहे लोगों को खदेड़ा। दोनों पक्ष को सख्त हिदायत देते हुए देर रात तक बल तैनात रखा।
पहले बरातियों में ही हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार ज्योति नगर क्षेत्र में रहने वाले शकील पिता शमीम ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जिसके अनुसार विवाद पहले बरातियों में ही हुआ था। विवाद कर रहे युवकों में एक युवक सिगरेट खरीदने शकील की दुकान पर पहुंचा था, जो रुपए भी नहीं देने की बात करते हुए गाली गलौज कर रहा था। इसी बीच किसी ने सिगरेट खरीदने वाले युवक पर पत्थर मारा जो उसे नहीं लगते हुए दुकान में चला गया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। पुलिस ने शकील की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।