पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • चार घंटे बाद पहुंचे अधिकारी, जब तक ठेकेदार ने काम बंद कर गायब कर दिए चार डंपर

चार घंटे बाद पहुंचे अधिकारी, जब तक ठेकेदार ने काम बंद कर गायब कर दिए चार डंपर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | मक्सी/झोंकर

क्षेत्र में फोरलेन निर्माण कर रहे ओरियंटल कंपनी के ठेकेदारों द्वारा अवैध रूप से खनन करने का मामला गुरुवार को सामने आया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पहले तहसीलदार और पटवारी को दे दी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी चार घंटे बाद पहुंचे। तब तक ठेकेदार ने काम बंद कर यहां से मुरम भरकर ले जा रहे पांच में से चार डंपर गायब कर दिए। एक डंपर आैर पोकलेन मशीन को पास में ही खड़ा कर दिया। अधिकारियों ने भी यहां पंचनामा बनाने की खानापूर्ती कर चल दिए। ग्रामीणों की माने, तो मुरम निकालने के लिए ठेकेदारों को 1252/2 रकबा नंबर की भूमि लीज पर दी गई थी, लेकिन ठेकेदार ने उक्त भूमि की जगह 1272 नंबर रकबे पर अवैध उत्खनन कर बड़ी मात्रा में मुरम निकाल ली। इससे शासन को रॉयल्टी का चूना लग गया।

चौंकाने वाली बात ये भी सामने आई कि खनिज विभाग द्वारा 7 फरवरी से 8 अप्रैल तक ही उत्खनन करने की अनुमति दी गई थी, लेकिन उसी अनुमति पर 13 अप्रैल तक उत्खनन किया जाता रहा। भास्कर ने जब पड़ताल की, तो पता चला ठेकेदार द्वारा खनिज विभाग की अभिवहन रसीद पर न तो खरीदने वाले का नाम था और न ही बेचने वाले का। उक्त रसीद पर जिस भूमि से उत्खनन का रकबा नंबर लिखा हुआ था वह भी गलत था। सूत्रों की माने तो ठेकेदार को सिर्फ क्षेत्र मेंं बन रहे फोर निर्माण में मुरम डालने के लिए उत्खनन की अनुमति मिली थी, लेकिन उक्त ठेकेदार द्वारा निजी क्षेत्रों में भी मुरम सप्लाई की जा रही ही है। अवैध खनन की सूचना मिलने के चार घंटे बाद मक्सी के नायब तहसीलदार अजय अहिरवार ने पटवारी नवीन कुंभकार को मौके पर जांच के लिए भेजा, लेकिन तब तक मौके से चार डंपर ठेकेदार द्वारा गायब कर दिए गए। मौके पर पटवारी को एक पोकलेन और एक डंपर खड़ा मिला, जिसका पंचनामा बनाकर खनिज विभाग को भेज दिया गया। इधर शाम को आए खनिज विभाग का अमला भी घूम फिर कर चला गया। क्या कार्रवाई हुई, यह भी सामने नहीं आ पाया। खनिज विभाग के निरीक्षक राजकुमार बारोठ से जब चर्चा की गई, तो उन्होंने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि वह कुछ दिनों से छुट्टी पर थे, मुझे इसकी जानकारी नहीं है।

अधिकारियों के पहुंचने के आधे घंटे पहले तक कर रहे थे अवैध खनन।

एक रॉयल्टी पर कई जगह चल रहा खेल
ठेकेदार द्वारा किसी एक जमीन की लीज खनिज विभाग से करवा ली जाती है, उसके बाद आसपास की कई सरकारी जमीनों से अवैध उत्खनन का खेल शुरू हो जाता है। लीज की अनुमति की एक ही पर्ची पर सारा काम होता है, लेकिन खनिज विभाग से लेकर जिले के अन्य अधिकारियों को इसकी जानकारी होने के बाद भी कार्रवाई नहीं की जाती।

मौके पर पंचनामा बनाते पटवारी नवीन कुंभकार व अन्य।

इस तरह की कोई सूचना मुझे नहीं मिली है
मक्सी क्षेत्र में अवैध रूप से यदि खनन हो रहा होगा, तो इसकी जानकारी जुटाकर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि अभी तक इस तरह की कोई सूचना मुझे नहीं मिली है। यूएस मरावी, एसडीएम शाजापुर

हमारे पास एक ही काम नहीं है, और भी काम करने पड़ते है। पटवारी को मौके पर जांच के लिए भेज देंगे। अजय अहिरवार, नायब तहसीलदार मक्सी

खबरें और भी हैं...