स्कूल के दो कमरों में फीस लेकर चलाई जा रही क्लास का मामला
भास्कर संवाददाता | शाजापुर
हरायपुरा के वार्ड 18 स्थित शासकीय बालक माध्यमिक विद्यालय के दो कमरों में फीस लेकर जूडो सिखाने के मामले में डीईओ ने बुधवार को ट्रेनिंग बंद कराने के निर्देश दिए थे। अगले दिन गुरुवार यहां जूडो-कराटे सीखने वाले खिलाड़ी, उनके अभिभावक कलेक्टोरेट पहुंचे।
कलेक्टर श्रीकांत बनोठ को उन्होंने अनुरोध पत्र सौंपकर बताया उक्त स्थान पर हम कई साल से यह खेल सीख रहे हैं। कई बड़ी स्पर्धाओं में पदक भी जीते हैं। डीईओ ने पूर्व डीईओ द्वारा दी गई स्वीकृति को मामले की सही तरीके से जांच कराए बिना निरस्त कर दिया। अभिभावकों ने कहा कि सहानुभूतिपूर्वक निर्णय लेकर उक्त स्थान पर प्रशिक्षण लेने की अनुमति दें। वहीं जूडो सिखाने वाले प्रशिक्षक ने भी अपनी ओर से कलेक्टर को आवेदन देकर बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी ने मुझे पक्ष रखने मौका ही नहीं दिया। कलेक्टर ने बच्चों, अभिभावकों व कोच को मामले की उचित जांच का आश्वासन दिया है।