शाजापुर | दुर्घटना के दौरान एम्बुलेंस 108 की सुविधा ग्रामीणों को भी मिल सके, इसके लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से ग्राम दुधाना में गुरुवार को ईएमटी चंद्रप्रकाश और पायलट जीवन वर्मा ने जनसंपर्क किया। एम्बुलेंस कर्मचारियों ने ग्रामीणों को बताया कि 108 एक टोल फ्री नंबर है। इसका उपयोग चिकित्सा संबंधित आपातकालीन स्थितियों में किया जाता है। इस सुविधा का लाभ हर ग्रामीण आपातकालीन स्थिति में ले सकता है। एम्बुलेंस कर्मचारी ने बताया किसी भी प्रकार की वाहन दुर्घटना, आगजनी से होने वाली शारीरिक क्षति से लेकर दिल का दौरा, मिर्गी, सांस संबंधी समस्या या कुल मिलाकर किसी भी प्रकार की आपातकालीन चिकित्सा समस्या हेतु आप निश्चित रूप से 108 सुविधा का लाभ ले सकते हैं। मौके पर राजेश बरेठा, मनोहर जायसवाल, सज्जन सिंह नायक, राजेश बैरागी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।