शाजापुर | आरक्षण व्यवस्था और सामान्य, पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक वर्ग के साथ निरंतर की जा रही उपेक्षा व असमानता को समाप्त करने को लेकर सपाक्स संस्था व समाज के प्रतिनिधि मंडल ने जिले के प्रभारी मंत्री दीपक जोशी को विश्राम गृह पर ज्ञापन सौंपा।
सपाक्स जिला नोडल ऑफिसर जॉय शर्मा ने बताया बताया ज्ञापन में सामाजिक न्याय के नाम लागू इस व्यवस्था से न तो वास्तविक वंचितों को सार्थक लाभ हुआ और न जिन्होंने लाभ लिया वे सक्षम बनकर मुख्य धारा में आ सके, बल्कि इस सुविधा का वे ही तथाकथित परिवार बार-बार उपभोग कर रहे हैं जो उच्च स्तर पर बैठे हैं। वर्तमान आर्थिक परिदृश्य ऐसा है जिसमें अमीर-गरीब की खाई जाति, धर्म व वर्ग से इतर निरंतर गहरी हो रही है। इन परिस्थितियों में किसी वर्ग विशेष का अत्यधिक पोषण और बहुसंख्यक वर्ग का तिरस्कार विस्फोटक स्थिति उत्पन्न कर रहा है।
हिंसा के दोषियों पर अब तक कार्रवाई नहीं
ज्ञापन में मांग की गई है कि विभिन्न वर्गों में निरंतर बढ़ाई जा रही वैमनस्यता की घातक स्थिति को रोकने का गंभीर प्रयास किया जाए, पदोन्नति में आरक्षण की माननीय सर्वोच्च न्यायालय की निर्धारित व्याख्या का पालन सुनिश्चित कराने तथा सर्वोच्च न्यायालय से अपील वापस लेकर माननीय उच्च न्यायालय जबलपुर के निर्णय को लागू करने के लिए सरकार को बाध्य करें। एट्रोसिटी एक्ट को लेकर 2 अप्रैल को हुई हिंसा के दोषियों पर अब तक कार्रवाई नहीं की गई है। ज्ञापन का वाचन सपाक्स संभागीय प्रतिनिधि पी.के. मंडलोई ने किया। संचालन ब्लॉक नोडल ऑफिसर ललित तिवारी ने किया। आभार मनीष जोशी ने माना। बड़ी संख्या में सपाक्स के पदाधिकारी मौजूद थे।