शहर के नित्यानंद आश्रम में आज यानी रविवार से आश्रम की 60 वर्ष पुरानी परंपरा का निर्वाह किया जाएगा। पांच दिनों तक होने वाले विभिन्न अनुष्ठानों में देश के चार राज्यों से सद्गुरु नित्यानंद बापजी के अनुयायी शामिल होंगे, जो विश्व शांति के लिए यज्ञ में आहुतियां देकर। सुबह-शाम होने वाली महाआरती के दौरान आस्था प्रकट करेंगे। ज्ञात रहे यह आयोजन आश्रम के वार्षिक उत्सव के रूप में हर साल मनाया जाता है।
तैयारियों को लेकर आश्रम ट्रस्ट के सदस्यों ने शनिवार को तैयारियों पूरी कर ली। ट्रस्ट के बसंत व्यास जयपुर, रमेशचंद्र पाटीदार धौंसवास, मिलन भट्ट, तुलसीराम व्यास, सुरेश व्यास आदि ने पांच दिनी आयोजन के बारे में बताया रविवार सुबह 6 बजे हिमाद्री स्नान से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। सुबह 8 बजे देवी-देवताओं के आह्वान के बाद दोपहर 12 बजे यज्ञ की अग्नि प्रज्ज्वलित की जाएगी। इसके बाद यज्ञ के यजमानों और भक्तों द्वारा आहुतियां दी जाएंगी। शाम को सद्गुरु देव नित्यानंद बापजी की आरती के बाद यज्ञनारायण की आरती होगी।
आयोजन को लेकर जहां स्थानीय भक्तों का उत्साह है, वहीं देशभर के अनुयायी भी आयोजन में शामिल होंगे। ट्रस्ट के अनुसार करीब 3 हजार भक्त मप्र सहित राजस्थान, महाराष्ट्र गुजरात के अलग-अलग शहरों से इन पांच दिनों में शाजापुर आएंगे।