शहर में चोरी और चेन स्नेचिंग करने वालों बदमाशों को हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। अभी तक सूने मकानों में ही चोरी के मामले सामने आ रहे थे, लेकिन शुक्रवार शाम 4 बजे बस स्टैंड पर खड़ी बस में बैठी महिला के साथ चेन स्नेचिंग हो गई। भागते समय बदमाश बस के गेट से टकरा गया और लोगों ने उसे पकड़ लिया। मौके पर ही जनता से उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ित महिला अपने मायके रामपुरा मेवासा से शाजापुर खरीदी करने आई थी। लौटते समय यह घटना हुई। आरोपी के अन्य साथी होने की आशंका में पुलिस ने सभी मुख्य मार्गों पर चेकिंग शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार ज्योति पति राकेश सोलिया अपनी दो बहनें अनिता और वंदना के साथ शाजापुर आई थी। शाम 4 बजे घर जाने के लिए सभी बस स्टैंड पहुंचे और बस में बैठ गए। बस स्टार्ट हुई थी कि उनके पास वाली सीट पर बैठा युवक ज्योति के गले से चेन खींचकर भागने लगा। यह देख अनिता और वंदना ने शोर मचाया तो बदमाश घबराकर बस के गेट से टकरा गया। इसके बाद भी वह गिरते हुए पुलिस लाइन रोड तक भागा। यहां मौजूद पुलिसकर्मी दिलीप आर्य ने आमजन की मदद से उसे पकड़ लिया। बदमाश के पकड़ में आते ही गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई कर दी।
आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले करते आमजन।
देवास का रहने वाला है आरोपी
चेन खींचने वाला आरोपी देवास का रहने वाला है। उसका नाम गोपाल पिता पोपसिंह राजपूत बताया जा रहा है। लोगों की पिटाई के दौरान वह तर्क देता रहा कि वह तो खुद बदमाश का पीछा करने के लिए भागा था, लेकिन उसे ही आरोपी बना दिया। हालांकि पीड़ित महिला ने मौके पर ही उसकी पहचान कर उसे उजागर कर दिया। पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया है।
अन्य साथियों के होने की आशंका
आरोपी के अन्य साथियों के होने की आशंका भी जताई जा रही है। कोतवाली पुलिस ने बेरछा रोड सहित बस स्टैंड से जुड़े रास्तों पर तलाशी शुरू की है। लेकिन पुलिस के हाथ कोई और बदमाश नहीं लगा।