पेयजल संकट के चलते देर रात तक निजी ट्यूबवेलों से पिला रहे लोगों को पानी
भास्कर संवाददाता | श्यामपुर
हर साल की तरह इस बार भी जिला प्रशासन की ग्रामीणों को पानी उपलब्ध कराने की योजना कागजों तक ही सीमित रही। ऐसे में क्षेत्र के कुछ लोग जलदूत बनकर लोगों को पानी पिला रहे हैं। दरअसल यह लोग अपने निजी ट्यूबवेलों से गांव के सभी वर्गों के लोगों को बिना किसी भेदभाव और बिना राजनीति के पर्याप्त पानी उपलब्ध कराते हैं। इस दौरान वे अल सुबह से देर रात तक मशक्कत करते रहते हैं।
तहसील मुख्यालय सहित क्षेत्र के अधिकतर गांवों में जल संकट के चलते लोगों को पेयजल के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा है। जल संकट से निजात दिलाने के लिए ग्रामीण सालों से शासन प्रशासन से मांग कर रहे हैं, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा है। अखिरकार ऐसे में कुछ लोगों ने जल समस्या को दूर करने के लिए बीड़ा उठाया। इसके लिए उन्होंने अपने जल स्रोतों पर मोटर पंप लगाकर जन सेवा की भावना से पानी उपलब्ध कराकर लोगों की सुबह से देर रात तक लोगों की प्यास बुझा रहे हैं।
राहगीरों के हो रहे हैं गले तर
दोराहा अहमदपुर मार्ग पर स्थित महुंखेड़ा निवासी भोजराज दांगी सालों से गर्मी में इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों के लिए पानी उपलब्ध कराते आ रहे हैं। हमेशा की तरह श्री दांगी ने मुख्य मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों के लिए अपने कुएं में मोटर पंप लगाकर मार्ग के किनारे पाइप के से पानी छोड़ रहे हैं। यह मोटर सुबह से देर रात तक लगातार चलती रहती है। यहां पर सुबह से शाम तक राहगीरों की पानी पीने के लिए भीड़ लगी रहती है।