अब अन्नपूर्णा रसोई से मिलेगा 8 रुपए में भोजन, 5 रुपए में नाश्ता
शहर में अब अन्नपूर्णा रसोई से आम नागरिकों को 8 रुपए में भोजन व 5 रुपए में नाश्ता मिलेगा। मुख्य बाजार स्थित गांधी चौक पर मंगलवार सुबह 8 बजे नगर पालिकाध्यक्ष कंचन सोलंकी ने फीता काटकर अन्नपूर्णा रसोई का शुभारंभ किया। समारोह में एसडीएम प्रकाशचंद्र अग्रवाल, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष तारा भंडारी, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष प्रकाश भाटी, अधिशासी अधिकारी भीमसिंह देवल समेत कई अधिकारी व नागरिक मौजूद थे। समारोह में पालिकाध्यक्ष सोलंकी ने कहा कि अन्नपूर्णा रसोई के माध्यम से आम नागरिकों एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को गुणवत्तापूर्ण व हाइजेनिक भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की यह महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट रसोई वैन में लगे हुए पूर्ण मशीनीकरण पद्धति से भोजन बनाकर आमजन को उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। साथ ही पर्सनल हाइजीन के लिए रसोई ये संबंधित कार्य करने वाले व्यक्तियों को टोपी, एप्रेंन आदि का उपयोग करेंगे। शुभारंभ पर रसोई वैन को गांधी चौक पर खड़ा किया, लेकिन इनके लिए जगह का चयन कर उसे निर्धारित जगह पर स्थाई रूप से खड़ा किया जाएगा।
रोज होगा अलग स्वाद
अन्नपूर्णा रसोई से आम नागरिकों को 8 रुपए में भोजन व 5 रुपए में नाश्ता प्राप्त होगा। रसोई से प्रतिदिन नाश्ता सुबह 8 बजे से 11 बजे तक, भोजन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे व शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक मिलेगा। यही नहीं, रसोई से प्रतिदिन भोजन भी अलग-अलग स्वादों में बनेगा। मंगलवार को शुभारंभ कार्यक्रम में सभी नागरिकों को नाश्ता निशुल्क उपलब्ध कराया गया। नाश्ता करने वाले व्यक्तियों ने इस योजना की सराहना की है। समारोह में नगर पालिका कार्यालय सहायक नील कमलसिंह, नगर पालिका उपाध्यक्ष मनीष सर्राफ, पार्षद लक्ष्मण परिहार, सुरेश कुमार परिहार, भाजपा नगर महामंत्री दिनेश मीणा, वेनाराम प्रजापत, भाजपा ओबीसी मोर्चा नगराध्यक्ष नारायणलाल परिहार, उपाध्यक्ष कुंदनमल राठी, भाजपा युवा मोर्चा नगराध्यक्ष अर्जुन गहलोत, सहवृत सदस्य प्रमिला सुथार, पूर्व पार्षद राजेंद्र सोलंकी समेत कई कार्यकर्ता व नागरिक मौजूद थे।
शुभारंभ कार्यक्रम में सभी नागरिकों को नाश्ता निशुल्क उपलब्ध कराया गया
शिवगंज. अन्नपूर्णा योजना का उद््घाटन करती पालिकाध्यक्ष।