भवन निर्माण कमेटी की बैठक में 40 पत्रावलियों का निस्तारण
शिवगंज. बैठक में चर्चा करते पालिकाध्यक्ष, ईओ व पार्षद।
भास्कर न्यूज | शिवगंज
नगर पालिका कार्यालय में शुक्रवार सुबह 11 बजे भवन निर्माण कमेटी की बैठक अध्यक्ष धरमीदेवी भाटी की अध्यक्षता एवं नगर पालिकाध्यक्ष कंचन व अधिशासी अधिकारी भीमसिंह देवल की उपस्थिति में आयोजित हुई। इसमें भवन निर्माण की 40 पत्रावलियों पर विचार विमर्श कर स्वीकृति दी गई। नगर पालिका अधिशासी अधिकारी देवल ने बताया कि बैठक में 40 पत्रावलियां स्वीकृति के लिए सदन में रखी गई, जिस पर चर्चा कर सदन ने सभी पत्रावलियों को मंजूरी दे दी। उन्होंने बताया कि स्वीकृत पत्रावलियों में 15 पत्रावलियां ऐसी है, जिसमें कुछ दस्तावेज अपूर्ण पाए गए, जिसकी पूर्ति करवा कर उसकी भी स्वीकृति प्रदान की। जबकि भवन निर्माण की 25 पत्रावलियों की स्वीकृति दे दी। बैठक में कमेटी सदस्य कुंदनमल अग्रवाल, उमा देवी, रेखा बारोठ मौजूद थे।