बेकद्री का शिकार हुआ अनगढ़ बालाजी का कुआं
दांतरदा| कस्बे के अनगढ़ बालाजी मंदिर के पास 50 साल पुराना कुआं उपेक्षा के चलते सूखकर कई साल से अनुपयोगी हालत में है। यदि ग्राम पंचायत कुछ हजार रुपए खर्च करे तो यह कुआं पेयजल संकट से लोगों को राहत दे सकता है। कस्बे के लोगों ने सरपंच रामसिंह मीणा से कुएं की सफाई एवं आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है। दांतरदा कस्बे में अनगढ़ बालाजी मंदिर के पास कुएं का निर्माण नाथूलाल सेठ ने करवाया था। उस दौर में पूरे कस्बे की प्यास बुझाने वाला कुआं पिछले कई साल से बेकार पड़ा है। कुएं को पुनर्जीवन देने की मांग कस्बेवासी एक साल से लगातार करते आ रहे हैं। लेकिन ग्राम पंचायत ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया है।
वीरपुर में स्ट्रीट लाइट नहीं जलने से परेशानी
वीरपुर| तहसील मुख्यालय वीरपुर में स्ट्रीट लाइट नहीं लगने से शाम ढलते ही मैन बाजार सहित सभी प्रमुख सडक़ेें अंधेरे में डूब जाती है। जिससे राहगीरों को खासी असुविधा होती है। कस्बे के सभी मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग कस्बेवासी दो साल से ग्राम पंचायत से कर रहे हैं। कस्बे के एमएस रोड, तहसील रोड, मैन बाजार, माहौर मोहल्ला, पांचो कॉलोनी रोड पर प्रकाश व्यवस्था किए जाने की मांग नागरिकों ने सरपंच भारती मौर्य से की है।
बिजली लाइन पर करंट से माेर जख्मी
प्रेमसर| समीपस्थ ग्राम ननावद में शुक्रवार सुबह उड़ता हुआ एक माेर बिजली लाइन पर करंट की चपेट में आ गया। बिजली के तारों से टकराकर मोर बेसुध जमीन पर गिरा। पेड़ के नीचे खेल रहे एक बालक ने राष्ट्रीय पक्षी मोर को करंट लगने की जानकारी ग्रामवासियोंं को दी। ग्रामीणों की सूचना पर माैके पर पहुंची पुलिस की डायल 100 वेन ने जख्मी मोर को उपचार के लिए श्योपुर पशु अस्पताल पहुंचाया। फॉरेस्ट टीम भी पशु अस्पताल पहुंची। पशुचिकित्सक के अनुसार करंट से मोर के दोनों पैर झुलसने के कारण वह खड़ा नहीं हो सकता है। दोनों पैर में प्लास्टर बांधा गया है।