रोज चार घंटे तक की जा रही अघोषित बिजली कटौती
बिजली कटौती रूकने का नाम नहीं ले रही है, रोजाना फॉल्ट के नाम पर घंटों के लिए कंपनी द्वारा कटौती की जा रही है। जिससे उपभोक्ता परेशान बने हुए है। जबकि कटौती का कोई समय भी निर्धारित नहीं किया जा रहा है। बिजली कंपनी द्वारा मनमानी करते हुए बिजली सप्लाई में दिन में कई बार गुल की जा रही है।
अप्रैल माह की शुरूआत होते ही बिजली कंपनी ने मेंटेनेंस सहित अन्य कामों को कराने के लिए शहर की बिजली सप्लाई बंद की, लेकिन इन कामों को पूरा करने के बाद भी कंपनी की ओर से अघोषित कटौती लगातार जारी बनी हुई है। सबसे ज्यादा बड़ौदा रोड, धानमील फीडर और पाली रोड फीडर पर कटौती की जा रही है। जबकि शिवपुरी रोड और मैन बाजार में लगातार बिजली सप्लाई दी जा रही है। गर्मी में कटौती से लोग परेशान बने हुए है, सुबह से ही अघोषित कटौती का दौर कंपनी द्वारा शुरू कर दिया जाता है। जिसमें बीच-बीच में एक-दो घंटे की सप्लाई देने के बाद फिर बंद कर दिया जाता है। ऐसे में बिजली बीच-बीच में दिनभर में कई बार काटी जा रही है। वह भी एक-दो घंटों के लिए, इस तरह से दिनभर में बिजली कंपनी 3-4 घंटे की कटौती कर रही है। मंगलवार अाैर बुधवार को भी यहीं हालात बने, सुबह 11 बजे से बिजली बंद की गई, जिसे दोपहर में शुरू किया और शाम 4 बजे फिर से कटौती कर दी गई, जो दो घंटे बाद बहाल की गई।