मूंझरी बांध के लिए वन विभाग अपनी 566 हेक्टेयर जमीन देने को राजी
बदले में जल संसाधन विभाग बालाघाट में 866 हेक्टेयर जमीन देगा
श्योपुर | अनुपूरक बजट में मूंझरी बांध के लिए प्रदेश सरकार ने 289 करोड़ 80 लाख रुपए का प्रावधान किया है। जिससे बांध निर्माण के लिए रास्ता खुल गया है। बांध बनाने के लिए जल संसाधन विभाग ने प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। मूंझरी बांध बनने से वन विभाग की 566 हेक्टेयर जमीन जल संसाधन विभाग को दी जाना है। इसके एवज में वन विभाग को 866 हेक्टेयर जमीन प्रदेश के बालाघाट जिले में दी जाएगी।
जल संसाधन विभाग द्वारा वन विभाग के स्थानीय अधिकारियों से संपर्क जमीन के सर्वे नंबर आदि मांगे जा रहे हैं। जिससे रिपोर्ट बनाकर भोपाल भेजी जा सके। जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री ने मंगलवार को अधीनस्थों को वन विभाग भेजा।
पत्राचार के बाद दोनों विभागों के बीच सहमति
शासन स्तर पर बांध को लेकर जल संसाधन विभाग प्रमुख सचिव और वन विभाग प्रमुख सचिव के बीच पत्राचार हुआ है। जिसमें दोनों विभागों के बीच मूंझरी बांध के लिए जमीन लेकर बालाघाट में 866 जमीन देने की सहमति चल रही है। दोनों विभागों के बीच सहमति को देखते हुए श्योपुर जिला स्तर पर कार्रवाई प्रारंभ हो गई है।