सीएफटी केंद्रों पर होगा शिकायतों का निराकरण
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की मॉनीटरिंग के लिए पिछले 14 माह से ठप सीएफटी केंद्रों पर बैठक का संचालन फिर से शुरू हाेगा। जिले के पांच ग्रामों में सीएफटी बैठक का शैड्यूल जारी कर दिया गया है। सुबह 9 बजे अधिकारी कर्मचारी अपने-अपने क्लस्टर के गांव में जाकर लोगों से समस्या और शिकायत संबंधी आवेदन एकत्रित करेंगे, इसके बाद दोपहर दो बजे सीएफटी मुख्यालय पर कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहकर माैके पर निराकरण करेंगे। जिले के तीनाें विकास खंड के पांच ग्रामों में हर माह में एक बार सीएफटी बैठक करने संबंधी आदेश कलेक्टर सौरभ सुमन ने जारी किए है। इसमें सभी जिला एवं ब्लॉक अधिकारियों के साथ पंचायत समन्वयक अधिकारी, सहायक विकास विस्तार अधिकारी, उपयंत्री, पटवारी, सचिव, रोजगार सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा, स्वच्छता प्रेरक एवं मैदानी स्तर के अधिकारी-कर्मचारियों को आवेदन एकत्रित करने की जिम्मेदारी दी गई। क्लस्टर वार बैठकों की समय सारणी बनाई गई है। सभी 225 ग्राम पंचायतों में निर्धारित प्रारूप में आवेदकों की शिकवा- शिकायतों को दर्ज किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने 5 सीएफटी केंद्रों पर बैठक के दिन किए निर्धारित
पांच सीएफटी मुख्यालयों पर हर माह बैठक का दिन तय
अधिकारियों को सीएफटी बैठकों को लेकर दिशा निर्देश देते कलेक्टर।
बैठकों की तिथियां निर्धारित कर दी गई है। जिसके अन्तर्गत जनपद पंचायत श्योपुर कि ग्राम मानपुर में हर माह प्रथम सोमवार, प्रेमसर में प्रथम बुधवार, रतोदन में प्रथम शुक्रवार, पांडोला में हर माह के दूसरे सोमवार, साईंकलां में दूसरे बुधवार का दिन निश्चित किया गया है।