चौपना गांव की आंगनबाड़ी की जमीन पर दबंगों ने किया कब्जा
ग्राम चौपना के उप स्वास्थ्य भवन में संचालित की जा रही आंगनबाड़ी।
सरपंच बोले- अतिक्रमण हटाने में प्रशासन का सहयोग नहीं मिलने से आ रही समस्या
भास्कर संवाददाता | दांतरदा
श्योपुर विकास खंड की जावदेश्वर पंचायत क्षेत्र के ग्राम चौपना में आंगनबाड़ी भवन के लिए आवंटित जमीन पर दबंगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। अतिक्रमण नहीं हटने के कारण आंगनबाड़ी केंद्र बरसों से उप स्वास्थ्य केंद्र के भवन में लगाया जा रहा है। एक ही भवन में अस्पताल और आंगनबाड़ी केंद्र संचालित होने से व्यवस्थाएं प्रभावित रहती है। सरपंच रामजीलाल मीणा ने मंगलवार को श्योपुर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने में राजस्व एवं पुलिस अफसरों का सहयोग नहीं मिलने की बात कलेक्टर को बताई है।
जानकारी के अनुसार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ग्राम चौपना में आंगनबाड़ी भवन स्वीकृत किए 8 साल बीत चुके हैं, लेकिन ग्राम पंचायत द्वारा आवंटित जमीन पर स्थानीय दबंगों ने कब्जा कर लिया है।
ग्राम चौपना में उप स्वास्थ्य केंद्र पर सुबह आंगनबाड़ी केंद्र लगता है और आंगनबाड़ी के बच्चों की छुट्टी के बाद अस्पताल। सरपंच रामजीलाल मीणा ने बताया कि आंगनबाड़ी के लिए आवंटित जमीन पर दबंगों ने अवैध रूप से कब्जा कर टीनशेड और बाउंड्री खड़ी कर दी है। सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए ग्राम पंचायत की शिकायत पर गत वर्ष तहसीलदार ने सीमांकन कर अवैध कब्जा चिह्नित किया था। इसके बाद एक जेसीबी मशीन मौके पर अतिक्रमण हटाने पहुंची थी, लेकिन दबंगों ने विरोध में पथराव कर दिया। ग्रामीणों ने जेसीबी की विंड स्क्रीन के कांच तोड़ दिए। विरोध बढऩे पर मदाखलत दस्ता जेसीबी मशीन लेकर भाग निकला था।
सरपंच मीणा ने बताया कि इस संबंध में पंचायत की ओर से कई बार पत्र लिखने के बावजूद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में प्रशासन का सहयोग नहीं मिला है। एक ही भवन में आंगनबाड़ी और अस्पताल लग रहा है। केंद्र पर दर्ज 45 बच्चों और गांव के मरीजों को असुविधा होती है।
एएनएम के भरोसे 4 गांव के मरीज
जावदेश्वर पंचायत क्षेत्र में बसी 9 हजार आबादी को स्वास्थ्य सुविधा के लिए ग्राम चौपना में संचालित उप स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ के नाम पर सिर्फ एएनएम पदस्थ है। ग्राम जावदेश्वर, चौपना, टेकना और काचरमोली गांव के लोगों को बीमार पडऩे पर जरूरी चिकित्सा सुविधा भी नहीं मिल पाती है। स्थानीय कांग्रेस नेता गिर्राज मीणा ने उप स्वास्थ्य की समस्याओं से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को अवगत कराया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में शौचालय क्षतिग्रस्त है। नल खराब होने से पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। भवन की दीवारों में कई जगह दरारें पड़ गई है और फर्श भी उखड़ गया है।