कल्याणपुरम कॉलोनी में जल निकासी के लिए नहीं बनाया जा रहा नाला
कल्याणपुरम कॉलोनी में जल निकासी के लिए नहीं बनाया जा रहा नाला
श्योपुर | शहर की कल्याणपुरम कॉलोनी में नाला नहीं बनने से नालियों के पानी का निकास नहीं हो पा रहा है। जिसे लेकर क्षेत्र के लोग कई बार नगर पालिका प्रशासन से उक्त स्थान की सफाई के साथ नाला बनाने की मांग कर चुके है। बीते 6 महीने से लोग इसकी मांग कर रहे है, लेकिन उनकी मांगों पर गौर नहीं किया जा रहा है। जिसमें कल्याणपुरम् कॉलोनी के हालात यह है कि, यहां नालियों का पानी सीधे खाली पड़े प्लाटों व गड्ढों में भर रहा है। जिसमें गंदगी के साथ दुर्गंध और मच्छरों से लोग परेशान बने हुए है। जिनसे उन्हें बीमारी व मलेरिया का डर सता रहा है।
कमालखेड़ली की बस्ती में सीसी रोड का निर्माण अधूरा छोड़ा, लोग परेशान
श्योपुर | शहर के वार्ड क्रमांक 15 स्थित कमालखेड़ली में एक बस्ती का सीसी रोड का काम बीते 6 महीने से अटका हुआ है। जिसे ठेकेदार भुगतान न होने के कारण छोड़कर चला गया। जिसके बाद से ही सड़क खुदी हुई व कच्ची पड़ी हुई है। जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी रही है। लोगों ने इसकी शिकायत भी की, लेकिन आश्वासन के बाद भी सड़क निर्माण शुरू नहीं हो सका। बारिश के समय से ही यह निर्माण कार्य अटका हुआ है। जिसे पूरा कराने के लिए लोग लगातार नपा के चक्कर काट रहे है। लेकिन भुगतान के चलते उक्त निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा है।
अिभयान चलाकर गांधीनगर के युवाओं ने की नालियों की सफाई
श्योपुर | शहर के गांधीनगर इलाके में बैरवा बस्ती के पीछे सड़क किनारे की दोनों ओर की नालियां जाम हो चुकी थी। जिससे घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़कों पर बह रहा था। गंदगी से निजात पाने के लिए मोहल्ले के युवा एकत्रित हुए और उन्होंने नववर्ष की शुरूआत मोहल्ले में स्वच्छता अभियान चलाकर की। जिसमें सड़कों की नालियों को साफ करते हुए कचरे को मोहल्ले से दूर फिंकवाया। इस दौरान युवाओं ने मोहल्ले के लोगों से भी अपील की कि, वह घरों का कचरा नालियों में न डालें, जिससे नालियां जाम नहीं होंगी और उन्हें असुविधाओं का सामना नहीं करना पड़ेगा।
कुपोषण मिटाने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों पर भेजें बच्चे : सुषमा
श्योपुर | अगर हमें हमारे बच्चों का कुपोषण दूर करना है, तो उन्हें नियमित आंगनबाड़ी केन्द्रों पर भेजंे। जहां उनकी जांच के साथ उन्हें पूरक पोषण आहार दिया जाता है। इससे बच्चे सुपोषित होते है। साथ ही अतिकुपोषितों को विशेष आहार के साथ उनका इलाज किया जाएगा। यह बातें सुपरवाइजर सुषमा सोनी ने आंगनबाड़ी केन्द्र पर आयोजित पोषण कार्यक्रम के दौरान कहीं। उन्होंने कुपोषण के बारे में कार्यक्रम में आई महिलाओं को समझाया। सुपरवाइजर ने बताया कि कुपोषण सिर्फ और सिर्फ पोषण की कमी से होता है, जिसे हम समझ नहीं पाते है। इसलिए अपने बच्चों को पोषण आहार देना बहुत जरूरी है। जिससे बच्चा स्वास्थ्य और तंदुरूस्त हो सके।
गौ-सेवकों ने किया घायल गाय का इलाज
श्योपुर | गौ-सेवा संघ के गौ-सेवकों ने लोगों की सूचना पर घायल पड़ी गाय का इलाज किया और उसे गौशाला पहुंचवाया। लोगों ने सूचना दी कि, शहर के जयश्री पैलेस के पीछे एक घायल गाय पड़ी हुई है। इस पर गौसेवक मौके पर पहुंचे और घायल गाय का इलाज किया। गाय के पैर और सींग में गंभीर चोटें थी, जिनकी मौके पर मरहम-पट्टी की गई। जिनमें गौसेवक किमी गौतम, गौरव आचार्य, सोनू पचौरी, अमन सिंह सिकरवार, अनिरुद्ध नाटेकर, सोनू त्यागी सहित अन्य शामिल है।