आंगन में सोता रहा परिवार, चोर ने दरवाजा तोड़ पार किया हजारों का सामान
श्योपुर| देहात थाना क्षेत्र के हनुमानखेड़ा निवासी सरवन पुत्र शानू बंजारा के घर में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात को चोरी हो गई। सरवन और उसका परिवार घर के आंगन में ही सो रहा था और चोर घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गया। जहां से चोर ने 19 हजार रुपए नकदी, चांदी के कड़े और चांदी की पायल चुरा ली और मौके से चंपत हो गया।
घर में हुई इस चोरी की जानकारी परिवार को सुबह हुई, जिसके बाद सरवन देहात थाने पहुंचा और अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कराया। इधर बड़ौदा थाने में न्यायालय के संदेश वाहक जगदीश के खिलाफ जमीन के मामले में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया। जिसमें दो साल पहले नीलामी की जमीन की रजिस्ट्री कराने के नाम पर संदेश वाहक जगदीश ने कैलाश नागर से 25 हजार रुपए लिए थे। न्यायालय में कैलाश के परिवाद पर से यह एफआईआर की गई।