जर्जर सरकारी व निजी भवनों को ढहाने के लिए नपा कराएगी सर्वे
शहर में कई सरकारी व निजी भवन पुराने और जर्जर हो गए हैं। ऐसे में इन भवनों के ढहने से हादसे की आशंका बनी रहती है। ऐसे जर्जर भवनों को ढहाने के लिए नगर पालिका सर्वे कराएगी। करीब ढाई साल पूर्व नगर पालिका पुरानी बिल्डिंगों का सर्वे करा चुकी है। नगरीय विकास एवं पर्यावरण विभाग से जारी आदेश के बाद नपा श्योपुर द्वारा यह कवायद की जा रही है।
जानकारी के अनुसार शहर में 16 से अधिक पुराने भवन हैं। इन भवनों की हालत ठीक नहीं है। इन पुराने भवनों के ढहने की संभावना है। जिससे गंभीर हादसा हो सकता है। प्रदेश के इंदौर महानगर में एक पुरानी बिल्डिंग ढहने की घटना में मौत होने पर शासन द्वारा पुरानी बिल्डिंगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ढहाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
यहां बता दें कि नगर पालिका श्योपुर द्वारा करीब ढाई साल पूर्व करीब पुराने 16 भवनों को चिन्हित किया था। इन भवनों की वजह से आमजन की जान को खतरा हो सकता है। इस वजह से भवनों को ढहाने की प्रक्रिया उस समय पूरी नहीं हो सकी। नगर पालिका अब पुन: सर्वे कराएगी। जिससे पहले से अधिक भवन चिन्हित हो सकते हैं। नगर पालिका के प्रभारी सीएमओ अरुण कुमार गुप्ता का कहना है कि प्राप्त आदेश के आधार पर जल्द ही बिल्डिंगों का सर्वे कराएंगे। उसके बाद ढहाने की कार्रवाई की जाएगी।