बस मालिकों ने रखी थी 40 % बढ़ोतरी की मांग , शासन ने 4 साल बाद दी 10 % बढ़ाने पर सहमति
भास्कर संवाददाता | श्योपुर
बसों में यात्रा करना अब 10 फीसदी महंगा हो जाएगा। शहर से विभिन्न रूटों पर रोज सफर करने वाले करीब 7 हजार यात्रियों की जेब पर भार पड़ेगा। बस किराए में 4साल बाद बढ़ोतरी लागू होगी। बस मालिक संघ ने बस किराया 40 फीसदी तक बढ़ाने की मांग रखी , जिस पर शासन ने10 प्रतिशत किराया बढ़ाने पर सहमति दे दी है।बस ऑपरेटरों ने खुशी जताते हुए बढ़ी हुई दर से किराया लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है।
शहर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय एकीकृत बस स्टैंड से ग्वालियर , शिवपुरी, मुरैना, भोपाल , इंदौर के अलावा राजस्थान, दिल्ली एवं गुजरात राज्यों तक के लिए यात्रियों को बस सेवा उपलब्ध हैं। शहर से विभिन्न रूटों पर रोज 85 यात्री बसों का संचालन होता है। साल 2014 में आखिरी बार किराये में बढ़ोतरी हुई थी। वर्तमान में बस संचालक साधारण बस का किराया 92 पैसे प्रति किमी की दर से ले रहे हैं। 10फीसदी बढ़ोतरी से अब किराया बढ़कर साधारण बस में 1 रुपए 2पैसे प्रति किलोमीटर हो जाएगा। शासन ने साल 2014 में 97 पैसे प्रति किमी की दर निर्धारित की थी। इसके कुछ समय बाद पेट्रोलियम पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में लगातार गिरावट का दौर रहने के बावजूद किराया दर 92 पैसे प्रति किमी से कम नहीं की गई। लेकिन पिछले 20 महीनों में औसत स्तर पर डीजल 18 रुपए तक महंगा हुआ है। यही वजह है कि बस ऑपरेटर यूनियन ने किराया राशि 40 प्रतिशत बढ़ाने की मांग राज्य सरकार के समक्ष रखी थी।
20 से 50 रुपए बढ़ेगा किराया
रूट वर्तमान संभावित दर
भोपाल 400 440
इंदौर 500 550
ग्वालियर 180 200
कोटा 110 122
जयपुर 250 275
जोधपुर 400 440
दिल्ली 500 550
अहमदाबाद 500 550
नोट: उपरोक्त संभावित किराया राशि रुपए में है।