पाली रोड स्थित दुकान से चुराए थे 10 लाख के 95 मोबाइल, 76 बरामद
भास्कर संवाददाता | श्योपुर
घर में बहुत परेशानी थी, खाने तक को कुछ नहीं था। ऐसे में मेरी समझ में कुछ नहीं आ रहा था। 19 मई की रात को जब घर से बाहर निकला तो चोरी का ख्याल आया औ सब्बल लेकर दुकान की पीछे से दीवार तोड़ दी।
जिसमें गल्ले से नकद 360 रुपए निकले और मोबाइल भी चोरी किए। लेकिन चोरी के बाद सुकून नहीं मिला, मन बैचेन हो गया और भगवान से क्षमा मांगने लगा। 360 रुपए में कुछ रुपयों का सुबह गायों का चारा खिला दिया और बाकी के 260 रुपए संतों को दान कर दिए। यह बातें पाली रोड स्थित मां संतोषी मोबाइल दुकान से चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी ने कही। दरअसल, शहर के बस स्टैंड के सामने स्थित मोबाइल दुकान से 19-20 मई की दरमियानी रात को चोरी हो गई थी। जिसमें दुकानदार के अनुसार तो 95 मोबाइल गए, जिनकी कीमत 10 लाख बताई गई। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करते हुए 20 मई की देर शाम को ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ब्लॉक कॉलोनी निवासी बृजेश राव है, जो कि पेशे से ड्राइवर है। पुलिस के हाथ लगे बृजेश ने पुलिस को बताया कि उसने चोरी मजबूरी में की है और उसके द्वारा यह पहली चोरी ही की गई थी। जिसमें पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कब्रिस्तान से 6 अलग-अलग गड्ढों में आरोपी द्वारा छिपाए गए 76 मोबाइलों को बरामद किया, जबकि लेपटॉप व एक मोबाइल घर से मिला।
पुलिस ने की घर की पड़ताल तो बुरे निकले हालात
आरोपी द्वारा पुलिस को बताई गई मजबूरी की कहानी पर पुलिस ने पहले तो यकीन नहीं किया, इसके बाद उसके घर व आस-पड़ोस में पड़ताल कराई गई तो बृजेश राव के घर के हालत बहुत बुरे निकले। जिसमें उसके बच्चों तक को खाने के लिए कुछ नहीं था। ऐसे में टीआई सुनील खेमरिया ने बृजेश राव के घर 1 क्विंटल गेहूं के अलावा खर्च को रुपए भी भिजवाए, जिससे जेल जाने के बाद उसके परिवार को परेशान न होना पड़े।