पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • एक साल में मैरिज गार्डन, मिनी शॉपिंग मॉल तो छोड़िए 60 सड़कें भी नहीं बना सकी नपा

एक साल में मैरिज गार्डन, मिनी शॉपिंग मॉल तो छोड़िए 60 सड़कें भी नहीं बना सकी नपा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगरपालिका परिषद को गठित हुए चार साल बीत चुके हैं लेकिन यह परिषद अभी तक शहर को एक बड़ा प्रोजेक्ट की सौगात नहीं दे सकी है।

हालात यह हैं कि एक साल पहले अप्रैल 2017 में नपा में प्रस्ताव पारित किया गया था कि शहर में मैरिज गार्डन, मिनी शॉपिंग मॉल व 60 सीसी सड़कें बनाएंगे। लेकिन आज तक इनका निर्माण शुरू नहीं हो सका है। शहर से जुड़े 10 बड़े विकास कार्य हैं, जो एक साल से लंबित हंै। इनमें से किसी की डीपीआर नहीं बनी तो किसी की डीपीआर शासन को नहीं भेजी गई। जिस काम की डीपीआर बन चुकी है, उसके नपा ने टेंडर नहीं कराए हैं। इसके पीछे एक ही वजह है कि नपा में भ्रष्टाचार व कमीशनखोरी चरम पर है। वहीं जनता का कहना है कि जब नपा को कुछ काम करना ही नहीं है तो बैठक में लाखों-करोड़ों के प्रस्ताव पारित कर पार्षद, अध्यक्ष तालियां भी क्यों पीटते हैं।

यहां बता दें कि मैरिज गार्ड, मिनी शॉपिंग मॉल, शुलभ कॉम्पलेक्स और बायपास सहित 10 बड़े विकास कार्य कराए जाने हैं। इसके लिए 15 करोड़ की स्वीकृति परिषद की बैठक में मिल चुकी है। इसके बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।

कई बड़े प्रोजेक्ट की शासन ने डीपीआर मंजूर की, नहीं कराए टेंडर..क्योंकि नपा में हावी है भ्रष्टाचार-कमीशनखोरी

बायपास पर जहां पार्क बनना है, वहां ठेकेदार ने डंप कर रखी है रेत।

शॉपिंग मॉल की डीपीआर नहीं बनी, टेंडर के बाद भी बायपास निर्माण अटका

मैरिज गार्डन: नपा ने शहर के गरीब वर्ग के लोगों को राहत देने के नाम पर बायपास पर मैरिज गार्डन बनाने का प्रस्ताव स्वीकृत किया। जिसे लगभग 50 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति देने के बाद नपा ने इसकी डीपीआर भोपाल भी भेज दी। जहां से इसे मंजूरी भी मिल गई, लेकिन उक्त मैरिज गार्डन के लिए न तो नपा स्थान चयन कर पाई है और नहीं इसके निर्माण के लिए टेंडर निकाले जा रहे हंै।

मिनी शॉपिंग मॉल: शहर के पुल दरवाजा पर खुद की जमीन पर नपा ने मिनी शॉपिंग मॉल बनाने का निर्णय लिया, जिस पर 50 लाख खर्च करने की तैयारी थी। इसके लिए डीपीआर अब तक नहीं बनाई गई है। नतीजा यह काम भी अटका हुआ है। परिषद ने इस काम को एक साल पहले स्वीकृति दी थी। जिसमें 20 दुकानों का निर्माण करना था। लेकिन इस पर भी अब तक काम शुरू नहीं हो सका है।

सुलभ कॉम्पलेक्स: नपा ने 50-50 लाख रुपए की लागत से दो सुलभ कॉम्पलेक्स बनने थे, जिसकी डीपीआर भी समय पर तैयार हो गई, पर नपा ने इसे स्वीकृति के लिए नगरीय प्रशासन को भेजा ही नहीं।

बायपास निर्माण: 2.70 करोड़ के इस काम के टेंडर हो चुके हैं लेकिन नपा निर्माण आज तक शुरू नहीं करा सकी है।

न पुल दरवाजा बना न गोलंबर

पुराने पुल दरवाजे को पूर्व परिषद ने तुड़वा दिया था, लेकिन इस परिषद इसे इस पुल दरवाजे के 10 लाख रुपए के निर्माण प्रस्ताव का यह कहते हुए बैठक में स्वीकृत कराया कि यह ऐतिहासिक पहचान है, जिसे नपा दोबारा बनवाएगी। इसके साथ ही पुल दरवाजा पर सौंदर्य के लिए अस्थाई अतिक्रमण हटाकर और ट्रैफिक जाम से बचने के लिए गोलंबर निर्माण का प्रस्ताव भी परिषद में एक साल पहले स्वीकृत कराया था, पर अब तक इस पर भी कोई काम नहीं हो सका।

सरकारी जमीन पर रखा ठेकेदार का सामान, पार्क निर्माण शुरू नहीं

नपा ने 2012 में एक करोड़ की लागत से बायपास रोड पर पार्क स्वीकृत किया था। टेंडर भी हो चुके हैं लेकिन आज तक इस जगह पर ठेकेदार ने रेत डंप करके रख दी है। 6 साल बीतने के बाद पार्क का निर्माण शुरू नहीं हो सका है।

बैठकों में निर्णय पर नहीं हो रहा अमल

नपा एक साल से चिल्ला रही है कि बायपास निर्माण करेंगे, लोगों को पार्क और मॉल देंगे, पर अब तक कुछ किया नहीं। इससे नपा के अस्तित्व पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं। लगता ही नहीं है कि नपा शहर में है भी की नहीं। बैठकों में निर्णय लिए जाते हैं, अमल नहीं होता। संजीव तिवारी, स्थानीय निवासी

7 दिन मेें शुरू होगा बायपास का निर्माण

कामों के लिए अभी बजट नहीं है, जल्द ही बजट भी मिल जाएगा। सात दिन में हम बायपास सहित अन्य निर्माण कार्य शुरू करेंगे। मैरिज गार्डन और मिनी शॉपिंग कॉम्पलेक्स के बारे में फाइल देखनी होगी। इसके बारे में मुझे पता नहीं है। टीसी धूलिया, सीएमओ, नगरपालिका श्योपुर

खबरें और भी हैं...