- Hindi News
- National
- डेंगू से बचाव के लिए शहरवासियों को सामूहिक प्रयास करने की जरूरत: ताराचंद
डेंगू से बचाव के लिए शहरवासियों को सामूहिक प्रयास करने की जरूरत: ताराचंद
डेंगू के बचाव एवं रोकथाम हेतु सभी को मिलकर प्रयास करना जरूरी है। यह बात मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी ताराचंद धुलिया ने कही। मौका था, बुधवार को मच्छर जनित बीमारियों के रोकथाम और उन्मूलन के लिए संचालित एम्बेड परियोजना के तहत राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर नगर पालिका सभागार में आयोजित कार्यशाला का। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पार्षद, समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। संचालनालय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, राज्य शासन, फैमिली हेल्थ इंडिया, गोदरेज इंडस्ट्रीज और निस्वार्थ संस्था के संयुक्त तत्वावधान में इस कार्यक्रम के दौरान डेंगू रोग फैलने के कारण और निवारण के बारे में विशेषज्ञों ने लोगों को सचेत किया। इस मौके पर उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से डेंगू उन्मूलन के लिए शपथ ली।
एम्बेड परियोजना के जिला समन्वयक डॉ. संतोष भार्गव ने कहा कि शहरी क्षेत्र में हम लोग साथ मिलकर कार्य करेगे और जो पानी के गड्ढे है उनमें विभाग के सहयोग से टेमोफॉस दवा छिड़काव में भी मदद करेंगे। मलेरिया कंसलटेंट कीरत कवचे ने कहा कि हमें निरंतर डेंगू उन्मूलन के लिए कार्य करना है। शहर में डेंगू जैसे लक्षण अगर दिखते हैं तो घबराना नहीं है। इस कार्यक्रम में पॉवरपॉइंट के माध्यम से डेंगू के लक्षण, और यह कैसे फैलता है के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला। आगे कहा डेंगू उन्मूलन हेतु शहरी स्तर पर रणनीति के साथ कार्य करना आवश्यक है, साथ ही समस्त प्रतिभागियों ने अपने विचार रखे और हम नया क्या कर सकते है इस हेतु चर्चा की।
दिन में भी क्वाइल और फास्ट कार्ड के बिना घरों में मच्छरों से बचना मुश्किल: वर्तमान में पूरे शहर में मच्छरों की भरमार हो गई है। लोगों को घरों में दिन के वक्त भी मच्छर भगाने के लिए क्वाइल और फास्ट कार्ड का सहारा लेना जरूरी हो रहा है। जबकि रात को सोने से पहले मच्छर के डंक से परिवार की सुरक्षा के लिए लोगों को तमाम जतन करने पड़ते हैं। इसके बावजूद भी मच्छर का डंक रातों की नींद उड़ा रहा है। बारिश के बाद शहरी क्षेत्र में मलेरिया और डेंगू का खतरा बढ़ जाता है।
राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर बीमारी की रोकथाम के लिए सामूहिक शपथ लेते लोग।
मलेरिया अधिकारी ने स्कूली बच्चों को दिलाई शपथ
डेंगू दिवस के मौके पर जिला मलेरिया अधिकारी सुनील शर्मा ने शहर के कई नागरिकों सहित स्कूली बच्चों को शपथ भी दिलवाई। उन्होंने लोगों को अपने आसपास पानी जमा नहीं होने देने हेतु प्रेरित किया। कार्यशाला में उपस्थित लोगों ने शपथ ली। शपथपत्र पर हस्ताक्षर भी किए।