शहर के माेती कटला में दुकान में साेते समय प्रिंटिंग प्रेस संचालक पर बिना वजह किया चाकू से हमला
भास्कर संवाददाता | श्योपुर
शहर के मेन बाजार में रविवार को एक युवक ने बेवजह दुकानदार की गर्दन पर चाकू घोंप दिया। पुलिस ने चाकू सहित हमलावर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शहर के मेन बाजार स्थित मोती कटला में घटना रविवार दोपहर करीब तीन बजे की है। जीवन टॉकिज के पूर्व मैनेजर बाबूलाल गौड़ का बेटा रविंद्र गौड़ अपनी प्रिटिंग प्रेस की दुकान में ही सो रहा था। तभी पुलिस थाने के पीछे रहने वाले आरोपी रोबिन उर्फ आसिफ ने दुकान में घुसकर रविंद्र गौड़ की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन ने लहूलुहान हालत में रविंद्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर फरियादी रविंद्र पुत्र बाबूलाल गौड़ की रिपोर्ट पर धारा 324 के तहत मामला दर्ज करके कुछ देर में ही आरोपी रोबिन उर्फ आसिफ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हमले में प्रयुक्त सब्जी काटने वाला चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी आसिफ की मानसिक हालत ठीक नहीं है और इसी के चलते उसने बिना वजह दुकान में घुसकर रविंद्र पर चाकू से हमला किया है।