श्योपुर-ग्वालियर नैरोगेज रेलवे स्टेशन पर पेयजल का समुचित प्रबंध नहीं होने के कारण यात्रियों को पानी पिलाने का जिम्मा स्वयं सेवकों ने संभाल रखा है। स्काउट एवं गाइड्स ने रविवार को भीषण गर्मी में शहर के रेलवे स्टेशन पर शीतल जल का स्टाल लगाकर यात्रियों के लिए जलसेवा की। सेवा कार्य की शुरुआत स्टेशन मास्टर जयसिंह कुशवाह द्वारा की गई। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी अजय कटियार, स्काउट एवं गाइड्स के मॉनीटर ओपी सिकरवार, शिक्षक परमानंद शर्मा मौजूद रहे। सुबह 11 बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक स्काउट्स एवं गाइड्स ने रेलवे स्टेशन पर घूम घूम कर यात्रियों को पानी पिलाया। स्वयंसेवकों ने डिब्बों में जाकर यात्रियों की न सिर्फ प्यास बुझाई, बल्कि सफर के लिए बोतलें में पानी भरा। रविवार काे रेलवे स्टेशन पर जल सेवा के इस कार्य में स्काउट एवं गाइड्स रुकमणि माहौर, चेतन गौड़, अमन कुरैशी, अरशद खान, नीरज, समीर, कल्पना, अंजलि, अर्चना तिवारी ने भाग लिया।
अभियान के तहत रविवार को युवाओं ने शहरवासियों को पानी की बर्बादी रोकने के लिए प्रेरित किया। कई जगह जल संरक्षण का संदेश देते पोस्टर चिपकाए। वहीं जिला न्यायालय परिसर में बेजुबान पक्षियों के लिए मिट्टी के सकोरे बांध कर पानी भरने का इंतजाम किया। इस अवसर पर न्यायाधीश रुपेश साहू ने इस मुहिम के लिए युवाओं की मुक्तकंठ से सराहना की। जल संरक्षण अभियान में नितिन गौतम, अमन शर्मा, मनीष शुक्ला, दिलीप पाठक, मुकेश शर्मा, पदम सोनी ,राहुल नामा, आदि ने भाग लिया।