खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ी भीड़, वाहनों से हुआ ट्रैफिक जाम
शहर के मैन बाजार में इन दिनों सहालग की तैयारी को लेकर जमकर भीड़ उमड़ रही है, ऐसे में वाहनों ने खरीदारों को परेशान किया हुआ है। जय स्तंभ से लेकर मैन बाजार तक में वाहन बेतरतीव तरीके से खड़े हो रहे है। जिससे जाम के हालत पैदा हो रहे है। इसे लेकर यातायात पुलिस की ओर से अब तक कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
18 अप्रैल को सबसे ज्यादा शादियां होंगी, जबकि कई सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों के लोग शादियों की तैयारियों को लेकर खरीदारी करने के लिए शहर के बाजार में उमड़ रहे है। बाजार में भीड़ बढ़ गई है, जबकि दुकानें भी सड़कों पर आ गई है। ऐसे में वाहन को लेकर न तो पार्किंग की कोई व्यवस्था की गई और नहीं वाहन रोकने के लिए पुलिस की ओर से कोई इंतजाम किए गए है। बाजार के दोनों छोर पर पुलिस ने बेरिकेड्स जरूर लगा दिए है, लेकिन यह वाहनों को रोक नहीं पा रहे है। यहां यातायात पुलिस ने इतिश्री कर ली है, जबकि बाजार में चार पहिया तक वाहन घुस रहे है। गांधी चौक पर वाहनों का इतना जमावड़ा है कि, पैदल राहगीर भी यहां से गुजरने में परेशान हो रहे है। वहीं दुकानों के सामने पहले के सड़क पर जमे सामान के साथ खरीदारों की बाइकें खड़ी कर जाती है, जिससे सड़क पर जगह पैदल चलने वालों के लिए भी नहीं बची है।