क्षेत्रपाल बाबा का धार्मिक मेला 30 अप्रैल काे
जिला मुख्यालय से 32 किमी दूर ग्राम जैनी स्थिति लोक देवता बाबा क्षेत्रपाल मंदिर पर वैशाख शुक्ल पूर्णिमा के मौके पर विशाल धार्मिक मेला इस बार 30 अप्रैल काे भरेगा। क्षेत्रपाल मंदिर विकास समिति ने रविवार को रूपरेखा घाेषित करने के साथ ही प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी है। तय रूपरेखा के अनुसार क्षेत्रपाल बाबा का धार्मिक मेला 29अप्रैल काे ध्वज पूजन के साथ प्रारंभ होगा।
30 अप्रैल काे पीपल पूर्णिमा के मौके पर मप्र व राजस्थान के सीमावर्ती जिलों से सैकड़ाें श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। 1 मई को क्षेत्रीय दंग के बाद मंदिर में नगाड़े बजाकर मेले के समापन का एेलान हाेगा। मेला स्थल पर प्रकाश एवं पेयजल सहित दुकानदार और आम श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।
ग्राम जैनी और चंबल नदी के बीच बना प्राचीन क्षेत्रपाल भैरव मंदिर जनआस्था का केंद्र है। यहां हर साल वैशाख शुक्ल पूर्णिमा के मौके पर विशाल धार्मिक मेले की परंपरा बरसों से निर्बाध रूप से चली आ रही है।
मेले में श्योपुर क्षेत्र के अलावा सवाई माधोपुर, बारां, कोटा और करौली जिलों से श्रद्धालु बड़ी तादाद में सपरिवार पहुंचेंगे। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समिति की ओर से सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। क्षेत्रपाल मंदिर प्रबंध समिति के शंभूदयाल वैष्णव ने बताया कि मेले के लिए जल्द ही बैठक बुलाकर अलग अलग समिति काे व्यवस्थाअाें का दायित्व साैंपा जाएगा।