- Hindi News
- National
- उज्ज्वला योजना में परिवार में महिला न होने पर पुरुष को मिलेगा गैस कनेक्शन का लाभ
उज्ज्वला योजना में परिवार में महिला न होने पर पुरुष को मिलेगा गैस कनेक्शन का लाभ
भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना को विस्तारित रूप में लागू किया गया है। जिले में अभी तक इस योजना में वर्ष 2011 की आर्थिक जनगणना सूची में दर्ज 46 हजार महिलाओं को नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिए गए हैं। अब सरकार ने विस्तारित उज्ज्वला योजना लागू करते हुए इसमें सभी अनुसूचित जाति, जनजाति वर्ग के साथ अंत्योदय परिवार तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को भी नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिए जाएंगे। इसके लिए 20 अप्रैल को उज्ज्वला दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसी दिन जिले मेंं इंडेन, भारत पेट्रोलियम एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम गैस की सभी 12 एजेंसियों द्वारा अपने अपने क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में शिविरों की शुरुआत की जाएगी।
पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर हितग्राहियों को तत्काल गैस कनेक्शन दिए जाएंगे। इसके साथ ही जिले में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना को कितने प्रभावी रूप से लागू किया गया है, इसकी वास्तविकता जानने जल्द ही जिला प्रशासन की टीमें मैदान में उतरेगी। उज्ज्वला योजना की हकीकत जानने के लिए डोर टू डोर सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के दौरान इस बात की पड़ताल की जाएगी कि क्या वाकई में योजना के तहत मिलने वाले गैस कनेक्शन का लाभ वास्तविक हितग्राही को मिला है या नहीं। योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों को दिलाया जाएगा। उज्ज्वला दिवस के आयोजन को लेकर जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा सभी 12 गैस एजेंसी संचालकों को पंचायत स्तर पर 20 अप्रैल को शिविर लगाकर एक ही दिन में 50 से 100 गैस कनेक्शन मुहैया कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इस सिलसिले मेंं खाद्य विभाग ने सोमवार को सभी गैस एजेंसी संचालकों की मीटिंग बुलाई है।
दरअसल अभी तक उज्ज्वला योजना का लाभ आर्थिक जनगणना सूची के अनुसार किया जा रहा था। अब केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना को विस्तारित रूप में लागू किया है। इसमें शासन स्तर से अब योजना का लाभ दिलाने के लिए तीन श्रेणियां तय की गई हैं। इनमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अंत्योदय कार्डधारक और पीएम आवास योजना के हितग्राहियों को योजना से जोड़ा जाना है। उज्ज्वला योजना के तहत आर्थिक जनगणना सूची के अनुसार जिले में 86 हजार परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा था। बीते 2 साल में जिलेभर में करीब 46 हजार महिलाओं को निशुल्क गैस कनेक्शन दिए जा चुके हैं। नि:शुल्क गैस कनेक्शन के लिए आर्थिक जनगणना सूची में नाम दर्ज होने की अनिवार्यता अब खत्म कर दी गई है। अब गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवार के अलावा जिनके घरों में गैस कनेक्शन नहीं हैं , उन सभी परिवार को इसका लाभ मिलेगा।
जरूरी दस्तावेज जमा कराने पर तुरंत मिलेगा गैस कनेक्शन
उज्ज्वला योजना के तहत निशुल्क एलपीजी गैस कनेक्शन वितरण की शुरुआत 20 अप्रैल को उज्ज्वला दिवस से होगी। इस दिन से गैस एजेंसी द्वारा ग्राम पंचायतों में शिविर लगाने की शुरुआत होगी। ग्राम पंचायत एवं संबंधित क्षेत्र की गैस एजेंसी पर जरूरी दस्तावेज जमा कराने पर तुरंत गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा। आवश्यक दस्तावेजों में महिला हितग्राही का आधार कार्ड, पति का आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो, परिवार राशन कार्ड, मतदाता परिचय पत्र एवं बैंक पासबुक की फोटो कॉपी जमा करानी होगी। विस्तारित उज्ज्वला योजना के तहत अनुसूचित जाति , अनुसूचित जनजाति वर्ग के परिवार, अंत्योदय परिवार, वनग्राम के निवासी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को निशुल्क गैस कनेक्शन दिया जाएगा। भले ही संबंधित हितग्राही का नाम सूची में दर्ज न हो।