एक बार फिर तापमान में उछाल आया है, जिसके बाद अधिकतम तापमान 45.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। बीते रोज की अपेक्षा में तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही रात का तापमान स्थिर बना रहा। दिन-रात दोनों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।
मौसम पर्यवेक्षक रमेश शर्मा ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 45.0 डिग्री रहा, जबकि बीते रोज अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया है। इसी तरह न्यूनतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात और दिन दोनों में भीषण गर्मी पड़ रही है। इसके साथ ही भीषण गर्मी के बीच में बिजली कटौती का दौर भी जारी बना हुआ है, जो लोगों के लिए दुगनी परेशानी बढ़ा रहा है। दिन के समय में 45 डिग्री तापमान के बीच शहर की सड़कों पर लोग घरों से कम ही बाहर निकले। जबकि अस्पताल में मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। भीषण गर्मी के बीच में कूलर-पंखें भी लोगों को राहत नहीं दे पा रहे है।