शेरगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र के रामनगर गांव की सरहद के एक खेत में 15 दिन से खंभे से लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आने से सोमवार को एक श्रमिक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने मेघवाल परिषद के भंवरलाल पुनावत व नाहरसिंह नगर के सरपंच अरुण कुमार बोस सहित मांगीलाल, वार्ड पंच सांगाराम, मूलाराम, ओमाराम, नरेश परमार, वीरेंद्रसिंहड़ेसा सहित अनेक ग्रामीण शेरगढ़ अस्पताल की मोर्चरी पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के आश्रित को उचित मुआवजा व नौकरी देने की मांग नहीं मानने तक शव उठाने से इनकार कर दिया। उसके बाद सभी ग्रामीण उपखंड कार्यालय के आगे पहुंचे व धरना देकर उपखंड अधिकारी का इंतजार करते रहे आखिर दोपहर बाद शेरगढ़ के विधायक बाबूसिंह राठौड़ पहुंचे तो उन्हें मृतक के पिता ने ज्ञापन सौंपा। बाद में विधायक की समझाइश के बाद दोपहर करीब 2 बजे शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सुपुर्द किया गया।
विधायक बाबूसिंह राठौड़ से मृतक के परिजनों को मुआवजा राशि दिलाने की मांग करते ग्रामीण।
पिता ने कहा- डिस्कॉम के अधिकािरयों की लापरवाही से बेटे की मौत
मृतक के पिता रामनगर ग्राम पंचायत के नाहरसिंह नगर निवासी नगाराम मेघवाल ने विधायक को दिए ज्ञापन में बताया कि उनका पुत्र मृतक घमंडाराम शाम करीब पौने आठ बजे मजदूरी कर पैदल घर लौट रहा था। रास्ते में 11 केवी की बिजली की लाइन का टूटा तार जो खंभे से लटकता हुआ जमीन पर पड़ा था अंधेरा होने के कारण उनका बेटा उसकी चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने ज्ञापन में बताया कि परिवार में कमाने वाला वह एक व्यक्ति ही था। उसके एक 7 माह की बेटी भी है। उसकी प|ी लीलादेवी की उम्र 21 वर्ष है व माता-पिता वृद्ध हैं। उन्होंने बताया कि डिस्कॉम को क्षेत्र के सरपंच अरुण कुमार ने 5-7 दिन पहले टूटे हुए तार की सूचना दी थी लेकिन विभाग ने इसे हटवाने की कोई कार्रवाई नहीं की। विभाग द्वारा आए कर्मचारी आधा तार काट कर ले गए थे लेकिन कुछ तार का हिस्सा ऊपर खंभे से जुड़ा हुआ जमीन पर पड़ा था। यदि विभाग समय रहते तार हटा लेते तो उनके बेटे की मौत नहीं होती। उन्होंने कहा डिस्कॉम की लापरवाही के कारण उनके बेटे की मौत हुई है। इसलिए मृतक मां जमुना देवी, पिता नगाराम, धर्मप|ी लीलादेवी व 7 माह की बेटी की जीविका पालन के लिए सरकार द्वारा आर्थिक सहायता के रूप में 25 लाख रुपए दिलाने, मृतक के परिवार में से एक व्यक्ति को सरकारी सेवा का लाभ दिलाने, परिवार के लिए पक्का मकान बनवाने व मुख्यमंत्री सहायता कोष से अतिशीघ्र सहायता दिलाने की मांग की है।