- Hindi News
- National
- पहले पुलिस बनी रोड़ा, फिर चार जगह फंसी फायर ब्रिगेड की गाड़ी, दुकानों के छज्जों ने भी रोका रास्ता
पहले पुलिस बनी रोड़ा, फिर चार जगह फंसी फायर ब्रिगेड की गाड़ी, दुकानों के छज्जों ने भी रोका रास्ता
लोअर बाजार शिमला में शुक्रवार को तारघर से शेर-ए-पंजाब तक अग्निशमन विभाग ने फायर ब्रिगेड की गाड़ी चलाकर मॉकड्रिल किया। गाड़ी को तारघर से शेर-ए-पंजाब तक पहुंचने में 9 मिनट का समय लगा। फायर ब्रिगेड की गाड़ी जैसे ही तारघर से लोअर बाजार के लिए चलना शुरू हुई, तो सबसे पहले पुलिस की गुमटी के पास पार्क की गई पुलिस की गाड़ी रोड़ा बनी। पुलिस को यहां से अपनी गाड़ी हटाने में दो से तीन मिनट का समय लगा।
इसके बाद जैसे ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी आगे बढ़ी लोअर बाजार टनल के पास मिठाई की दुकान के आगे लगा अस्थाई छज्जा अड़चन बना। सब्जी मंडी को जाने वाले रास्ते के पास दुकानों के आगे बढ़े अस्थाई छज्जे, वंदना इम्पोरियम के पास गोपाल जी-मोबाइल शॉप के सामने तंग सड़क और दुकानदारों के छज्जे गाड़ी की अड़चन बने।
तहबाजारियों ने सजाया था सड़कों पर अपना सामान
मॉकड्रिल दोपहर पौने दो बजे निकाली गई। तह बाजारियों ने अपना समान सड़कों में सजाया था। हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी नगर निगम का ओवर हैंगिंग को हटाना तो दूर की बात दुकानदारों के दुकानों के आगे बढ़ाए अस्थाई छज्जे को भी निगम नहीं हटा सका। स्टेशन फायर ऑफिसर डीसी शर्मा ने कहा कि फायर ब्रिगेड को बाजार से क्राॅस करने में नौ मिनट का समय लगा।
छज्जे बने बाधा |बाजार में तहबाजारियों के सड़क तक समान फैलाने और ओवर हैंगिंग व अस्थाई छज्जे बाधा बन रहे है। निगम को चाहिए कि ऐसे कारोबारियों पर कार्रवाई करे।
जैसे ही फायरब्रिगेड की गाड़ी पहुंची
दुकानदार एक-दूसरे को देने लगे आवाज, ‘गाड़ी अाई जल्दी समेटाे सामान’
सुंदर पंसारी की दुकान के सामने एक जुराब विक्रेता ने जैसे ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी को आते देखा, तो सभी दुकानदारों को आवाज देकर कहने लगा कि फायरब्रिगेड की गाड़ी आ रही है जल्दी से अपना समान अंदर को उठा लो,स्वयं भी दूसरे दुकानदारों की सड़क तक सजाई अटैचियों को अंदर उठाने मदद करने लगा।