हैली टैक्सी के लिए कंपनियां इसी महीने होगी फाइनल
हैली टैक्सी योजना के तहत हिमाचल में कौन की कंपनी किस रूट पर हेलीकॉप्टर सेवा देना चाहती है, यह इसी महीने फाइनल हो जाएगा। राज्य सरकार ने इसके लिए आवेदन मांग लिए हैं। 25 अप्रैल को इसे लगभग फाइनल कर लिया जाना है। केंद्र सरकार ने इसके लिए नौ रूट हिमाचल को पहले ही फाइनल कर दिए हैं। इसके तहत ही राज्य सरकार ने प्रदेश में पर्यटन को पंख लगाने के लिए एयर टैक्सी सेवा शुरु कर रहा है। इसके लिए विभाग ने कंपनियों से आवेदन मांग लिए है। इस टेंडर प्रक्रिया में निजी आैर सरकारी दोनों ही एजेंसियां हिस्सा ले सकेगी।
प्रदेश में पर्याप्त हवाई सेवा न होने की कमी लगातार पर्यटन विभाग को खल रही है। केंद्र सरकार ने उड़ान योजना का शुभारंभ तो किया लेकिन तय उड़ाने न हो पाने के कारण प्रदेश में अधिक लोगों को इसका लाभ नहीं हो पा रहा है। केंद्र सरकार ने एयर इंडिया के साथ एक निजी कंपनी को भी प्रदेश में हवाई सेवा शुरु करने को कहा है लेकिन वह आज दिन तक अपनी हवाई सेवा आरंभ नहीं कर पाया। इसका असर प्रदेश के पर्यटन कारोबार पर पड़ रहा है। इसे दूर करने के लिए विभाग अब अपने स्तर पर एयर टैक्सी सेवा शुरु कर रहा है।
प्रक्रिया
25 को होंगे टेंडर किन रूटों पर हवाई सेवाएं देना चाहती है कंपनियां
कंपनी ही तय करेगी रेट
एयर टैक्सी सेवा को शुरु करने के लिए रूट विभाग नहीं बल्कि कंपनियां ही तय करेगी। कंपनियां प्रदेश के किस क्षेत्र के लिए अपनी हवाई सेवा प्रदान करना चाहती है विभाग ने यह कंपनियों पर छोड़ा है। इसके अलावा प्रदेश में हवाई सेवा शुरु करने के लिए कंपनियों की और क्या शर्तें है, यह भी विभाग ने कंपनियों को देने को कहा है। प्राप्त आवेदनों के बाद विभाग कंपनियों के साथ बैठक आयोजित करेगा। इसमें कंपनियों के सुझाव, रुटों, किराया और दूसरी अन्य शर्तों को सुना जाएगा।
सरकार को सौंपेंगे रिपोर्ट
एयर टैक्सी सेवा शुरु करने के लिए कंपनियों के जो सुझाव विभाग को प्राप्त होंगे उसे विभाग सरकार के समक्ष रखेगा। इसमें कंपनी द्वारा तय किया जाने वाला किराया महत्वपूर्ण माना जा रहा है। किराए को लेकर कंपनी के आवेदनों पर ही सरकार अपना निर्णय लेगी।
प्रदेश में एयर टैक्सी सेवा शुरु करने के लिए कंपनियों से आवेदन मांगे गए है। कंपनी के तय रुटों पर ही विभाग एयर टैक्सी सेवा को शुरु करेगा। -डा सुदेश मोक्टा, निदेशक पर्यटन विभाग