- Hindi News
- National
- स्टडी मैटेरियल होगा ऑनलाइन, फीस के साथ छात्रों पर प्रिंटिंग का भी पडे़गा बोझ
स्टडी मैटेरियल होगा ऑनलाइन, फीस के साथ छात्रों पर प्रिंटिंग का भी पडे़गा बोझ
एचपी यूनिवर्सिटी के दूरवर्ती शिक्षण संस्थान (इक्डोल) अब स्टडी मैटीरियल को ऑनलाइन करने की तैयारी कर रहा है। यानि की फीस लेने के बाद जो स्टडी मैटेरियल छात्रों को मिलता है, उसे वे अब ऑनलाइन डाउनलोड करके प्रिंट ले सकेंगे। हालांकि, इससे उन छात्रों पर बोझ भी पड़ेगा, जिन्हें इसके प्रिंट लेने पड़ेेंगे। दरअसल, अभी छात्राें को इक्डोल से प्रिंटेड स्टडी मैटेरियल मिलता है। दूरदराज क्षेत्रों के छात्रों को कई बार समय पर सिलेबस नहीं मिल पाता है। इस कारण वह परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर सकते हैं। योजना है कि इक्डोल की वेबसाइट पर विषय के हिसाब से सिलेबस डाल दिया जाएगा। जिसके बाद छात्र उसे डाउनलोड करके पढ़ाई कर सकते हैं। इक्डोल के निदेशक प्रो. पीके वैद्य का कहना है कि इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है। छात्रों को ऑनलाइन ही स्टडी मैटेरियल मिले, इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
ईआरपी सिस्टम से जुड़ा इक्डोलः इक्डोल इस सत्र 2018-19 के लिए ईआरपी सिस्टम से जुड़ रहा है। ऐसे में कई ऐसी योजनाएं हैं, जिन्हें पूरा करने में इक्डोल की मदद ईआरपी सिस्टम से होगी। इक्डोल की योजना छात्रों को डिजिटल सिलेबस उपलब्ध करवाने की भी है। ऐसे में हिंदी, अंग्रेजी सिलेबस छात्रों को डिजिटल रूप में ऑनलाइन ही उपलब्ध करवाने की योजना को इक्डोल इस बार पूरा करेगा।
छात्रों का अपना खर्च बढ़ेगा इक्डोल के इस तरह के निर्णय से छात्रों का अपना खर्च बढ़ जाएगा। क्योंकि यदि छात्र किसी भी सिलेबस का प्रिंट लेते हैं तो उन्हें इसका खर्च करना पड़ेगा। जबकि फीस इक्डोल पहले ही पूरी ले लेगा। ऐसे में छात्र मांग कर रहे है कि विवि प्रशासन यदि ऑनलाइन सिलेबस को अपडेट कर देता है तो उनसे फीस नहीं ली जानी चाहिए। ऑनलाइन सुविधा देने को फायदा छात्रों को तभी मिल पाएगा, जब उन्हें प्रिंटेड सिलेबस लेने के लिए अतिरिक्त खर्च न करना पड़े।
छात्र अपना पूरा रिकॉर्ड भी देख सकेंगे छात्र फार्म भरने के बाद विवि की वेबसाइट पर ही छात्र अपना पूरा रिकार्ड चैक कर पाएंगे। इक्डोल नए सत्र से छात्रों का पूरा रिकार्ड ऑनलाइन करने जा रहा है। इसके तहत छात्रों को रोल नंबर, परीक्षा केंद्र, पर्सनल कांटेक्ट प्रोग्राम (पीसीपी) पेपर की डेटशीट कट लिस्ट तक की सुविधा इक्डोल की वेबसाइट पर मिलेगी। पत्राचार के माध्यम से अंडर ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट प्रोफेशनल कोर्सेस करने वाले सभी छात्रों को यह सुविधा वेबसाइट पर ही मिल सकेगी। पहले चरण में यह सुविधा प्रथम वर्ष के छात्रों को ही मिलेगी। दूसरे चरण में यूजी पीजी दोनों संकायों के छात्रों को इस में शामिल किया जाएगा।
अभी एेसी भी परेशानी इक्डोल के छात्रों की लंबे समय से सिलेबस और स्टडी मैटीरियल को लेकर दो मुख्य परेशानियां बनी हुई है। इसमें एक तो सिलेबस के प्रिंटिंग मैटेरियल का समय पर छात्रों तक न पहुंचने का मसला है, तो वहीं दूसरी समस्या इक्डोल द्वारा छात्रों को सिलेबस सिर्फ इंग्लिश मीडियम में ही उपलब्ध करवाया जाता है। छात्र मांग कर रहे हैं कि इस स्टडी मैटेरियल को हिंदी में भी छात्रों को उपलब्ध करवाया जाए, जिससे छात्र सिलेबस को समझकर आसानी से परीक्षा दे सकें। अब यह सिलेबस हिंदी-अंग्रेजी दोनों मीडियम में छात्रों को उपलब्ध करवाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।