29 को होगा हाटी महासम्मेलन, सांसद वीरेंद्र कश्यप होंगे मुख्यअतिथि
पांवटा साहिब | हाटी समिति की ओर से पांवटा साहिब में 29 अप्रैल को आयोजित होने वाले हाटी महासम्मेलन की तैयारियां जोरों पर है। रविवार को पांवटा साहिब के लोक निर्माण विश्राम गृह में समिति की बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता समिति के पांवटा साहिब इकाई के अध्यक्ष ओपी चौहान ने की।
बैठक में निर्णय लिया कि 29 अप्रैल को यहां के नप मैदान में अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखने वाले गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय की संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। इस आयोजन में कम से कम 5 हजार हाटी समुदाय के लोग शिरकत करेंगे। महासम्मेलन में ठेठ पहाड़ी व हाटी संस्कृति की झलक दिखाई जाएगी। हाटी भाई अपनी पारंपरिक वेशभूषा में सम्मेलन में पहुंचेंगे। इसमें सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र की सभी इकाइयों के प्रतिनिधियों समेत प्रदेश के बाहर पहाड़ी संस्कृति को जिंदा रखने वाले गिरिपार के शोधकर्ता भी शामिल होंगे। बतौर मुख्य अतिथि शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद वीरेंद्र कश्यप बतौर मुख्य अतिथि व विकासनगर के विधायक मुन्ना सिंह विशेष अतिथि शिरकत करेंगे। गिरिपार क्षेत्र के वर्तमान व पूर्व विधायक समेत पूर्व सांसद भी बुलाए जाएंंगे। यह आयोजन पांवटा इकाई के पांवटा साहिब नगर के 13 वार्ड और दो पंचायतों बद्रीपुर और कुजा मतरालियों के हाटियों के सहयोग से आयोजित होगा। इसमें हाटी समिति की गिरिपार क्षेत्र की इकाईयां जिसमें राजगढ़, संगड़ाह, हरिपुरधार, नौहराधार, शिलाई आदि भी भाग लेगी।