हिमाचल में एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए बनेंगे 5 नए हैलीपैड: जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की खराब वित्तीय हालत में विकास करवाना सरकार के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती है। मुख्यमंत्री रविवार को रिज मैदान पर आयोजित हिमाचल दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टर और पैरा मैडिकल स्टाफ की कमी है। स्कूलों में शिक्षक कम है। प्रदेश में भाजपा की सरकार बने हुए अभी 3 महीने का समय हुआ है। बावजूद इसके इन क्षेत्रों में खासा ध्यान दिया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए प्रदेश में 5 नए हैलीपैड स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और पर्यटन सरकार की प्राथमिकता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि वह खुद दुर्गम क्षेत्र से संबंध रखते हैं। हर वर्ग के लोगों की समस्याओं से परिचित है। उन्होंने विकास यात्रा पर बढ़ने के लिए हिमाचल की जनता के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने प्रदेश की जनता से अपील की है कि प्रदेश को आगे ले जाने के लिए अपना हरसंभव सहयोग दें।
अपराधियों को पॉलिटिकल प्रोटेक्शन देना गलत: सीएम
शिमला| मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्नाव व कठुआ मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि आरोपियों को पॉलिटिकल प्रोटेक्शन मिलना गलत है। उन्होंने कहा कि अपराध में संलिप्त लोगों को बचाने के प्रयास नहीं होने चाहिए, जो अपराधी है उसे कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए। हिमाचल दिवस कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसी भी ऐसे व्यक्ति को पॉलिटिकल प्रोटेक्शन नहीं देगी, जिसने अपराध किया हो। उन्होंने कहा कि उन्नाव व कठुआ दोनों मामलों में जांच चल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही है। अपराध की दृष्टि से हिमाचल भी इससे अछूता नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार महिलाओं से इस तरह की घटनाओं को रोकने का प्रयास कर रही है। ये घटनाएं रोकी जाएं और पूरी तरह से इन पर लगाम लगे सरकार की ओर से ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने शिमला के कोटखाई में गुड़िया रेप व मर्डर मामले में सीबीआई ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि सीबीआई की सीबीआई इस मामले पर आगे बढ़ रही है। सीबीआई द्वारा की गई गिरफ्तारी से इस मामले का जल्द अंत होने और न्याय मिलने की आस जगी है।
निर्देश: कर्मचारी अिधकारी ‘आउट ऑफ बॉक्स’ सोचें
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अधिकारियों व कर्मचारियों को ‘आउट ऑफ बॉक्स’ सोचने के लिए प्रेरित कर रही है। नई योजनाएं तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018-19 के बजट में समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए 30 नई योजनाएं शुरू की है जो अपने आप में रिकार्ड है।
43 एनएच के लिए कंसल्टेंट तैनात| मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रदेश के प्रति लगाव के चलते केंद्र सरकार ने प्रदेश के लिए 69 राष्ट्रीय उच्च मार्ग स्वीकृत किए हैं। पूर्व सरकार इन की डीपीआर को कंसल्टेंट तैनात करने में असफल रही थी। सरकार ने 3 महीनों के भीतर ही 43 कंसल्टेंट हायर कर लिए हैं। परामर्शदाताओं की सेवा के लिए पत्र जारी कर दिए हैं। शीघ्र ही कार्य आरंभ कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना आरंभ की गई है।
पदक जीतने पर बधाई| मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हमीरपुर जिला से संबंधित विकास ठाकुर को राष्ट्रीय मंडल खेलों में वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास ठाकुर की यह सराहनीय उपलब्धि है और प्रदेश के लोगों को उनकी इस उपलब्धि पर गर्व है। उन्होंने कहा कि ठाकुर से युवा जीवन में कठिन परिश्रम करने की प्रेरणा लेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राष्ट्र मण्डल खेलों में 50 मीटर राइफल स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली अंजुम मोदगिल से फोन पर बातचीत की अौर उन्हें राष्ट्र मंडल खेलों में रजत पदक जीतने पर बधाई दी।