ढली, संजाैली, बायपास एरिया में अवैध निर्माण का अधिकारियों ने लिया जायजा
ढली, संजोली अौर बायपास एरिया में अवैध निर्माण और अतिक्रमण का जायजा लेने के लिए मंगलवार को दर्जन भर अधिकारियों ने दौरा किया। हाइकोर्ट के आदेशों के बाद नगर निगम की टीम ने जिला प्रशासन और टीसीपी अधिकारियों के इस क्षेत्र में चल रहे अवैध निर्माण और पहले से हुए अतिक्रमण की रिपोर्ट तैयार करने के लिए दौरा किया। अवैध निर्माण और कब्जों से जुड़े मामले में 4 मई तक रिपोर्ट सौंपने के आदेश जारी किए गए हैं। मुख्य सचिव ने हाईकोर्ट के निर्देशानुसार एक्शन टेकन रिपोर्ट और स्टेटस रिपोर्ट दायर करने के लिए कोर्ट से दो सप्ताह की मांग की थी। विजिट के दौरान पाया गया कि इन एरिया काफी संख्या में अवैध निर्माण किया गया है।
अवैध निर्माण के बढ़ते मामलों को देखते हुए कोर्ट ने नगर निगम सहित अन्य विभागों को आदेश जारी किए थे कि इसकी एक स्टेटस रिपोर्ट तैयार की जाए। इससे पहले कोर्ट के आदेशों पर निगम आयुक्त भी ढली एरिया का विजिट कर चुके हैं। नगर निगम की टीम ढली एरिया में हुए अवैध निर्माण की फाइनल रिपोर्ट तैयार करेगी और उसके बाद इसे मुख्य सचिव के माध्यम से कोर्ट में पेश किया जाएगा।