- Hindi News
- National
- सभी वार्डों में लगेंगे वाटर एटीएम, अस्पतालों के पास फ्री, अन्य जगह 2 रुपए लीटर के हिसाब से मिलेगा
सभी वार्डों में लगेंगे वाटर एटीएम, अस्पतालों के पास फ्री, अन्य जगह 2 रुपए लीटर के हिसाब से मिलेगा
पानी की गुणवत्ता और किल्लत को देखते हुए निगम प्रशासन अब 25 के बजाए 34 वार्डों में वाटर एटीएम लगाएगा। लंबे समय से लटके इस मामले में अब प्रशासन ने सभी वार्डों में वाटर एटीएम लगाने का फैसला लिया है। इन वाटर एटीएम से जहां लोगों को 24 घंटे सस्ती दरों में पीने का साफ पानी मिल सकेगा वहीं पीलिया होने का खतरा भी नहीं रहेगा। इससे पहले प्रशासन की आेर से शहर के 25 स्थानों पर वाटर एटीएम लगाने के लिए औपचारिकताएं पूरी की गई थी और टैंडर प्रक्रिया तक पूरी हो चुकी थी। अब वार्डों की संख्या बढऩे के साथ ही एटीएम की संख्या को भी बढ़ाया जा रहा है। वाटर एटीएम लगाने के लिए निगम की ओर से 2.75 करोड़ रुपए का बजट पास किया गया है वाटर एटीएम को स्थापित करने के लिए नगर निगम निजी कंपनी के साथ करार करेगा जो शहर में आगामी समय में वाटर एटीएम की देखरेख भी करेगी। एक साल तक ठेकेदार या किसी फर्म के साथ नगर निगम का करार रहेगा। इसके लिए नगर निगम पार्षदों से भी सहयोग लेगा। पार्षदों की ओर से वार्ड स्तर पर जो भी सेंटर प्लेस बताया जाएगा वाटर एटीएम वहां लगा दिया जाएगा। वाटर एटीएम का ठेका कंपनी को देने के साथ ही नगर निगम प्रशासन पार्षदों से वाटर एटीएम स्थापित करने के स्थान चयनित करेगा और उनके बताए स्थान पर एटीएम लगाए जाएंगे।
पार्षदों के बताए स्थान पर लगाए जाएंगे वाटर एटीएम, कंपनी करेगी देखरेख
अस्पतालों के पास निशुल्क मिलेगा पानी
डिप्टी मेयर राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि सभी वार्डों में वाटर एटीएम लगाए जाएंगे। इसके लिए प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि अस्पतालों के पास लगने वाले वाटर एटीएम निशुल्क पानी मुहैया करवाएंगे। जबकि अन्य स्थानों में वाटर एटीएम से निकलने वाले पानी के लिए तय राशि चुकानी होगी। इसके लिए निगम के सदन ने पहले ही दो रुपए प्रति लीटर के हिसाब से पानी की दरें तय कर दी हैं। गौर रहे कि इससे पहले शहर में तीन स्थानों पर वाटर एटीएम लगाए गए हैं। जिनमें अभी पचास पैसे प्रतिलीटर के हिसाब से पानी लोगों को मिल रहा है।