ट्रक को ओवरटेक करते समय दूसरे ट्रक से टकराई प्राइवेट बस, १६ जख्मी
शिमला-हमीरपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह जुखाला के पास एक प्राइवेट बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में जहां बस ड्राइवर समेत बस में सवार 16 लोग घायल हो गए, वहीं बस भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को सीएचसी मारकंड ले जाया गया। फर्स्टएड के बाद उनमें से 4 को आईजीएमसी शिमला तथा 10 को बिलासपुर रेफर कर दिया गया। हादसे का कारण बस ड्राइवर की लापरवाही व तेज रफ्तार मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह एक प्राईवेट बस मलोखर से बिलासपुर आ रही थी। जुखाला से करीब 300 मीटर पीछे इस बस की सामने से आ रहे एक ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। प्रयत्क्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार बस के आगे एक ट्रक चल रहा था। ड्राइवर ने लापरवाही बरतते हुए ट्रक को ओवरटेक करना शुरू कर दिया। इसी दौरान सामने से एक ट्रक आ गया। हालांकि ट्रक ड्राइवर ने बचाव का पुरजोर प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार की वजह से बस ट्रक से जा टकराई। इससे जहां बस का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया, वहीं उसमें सवार अधिकांश लोग भी घायल हो गए।
जुखाला के पास ट्रक के साथ टक्कर से क्षतिग्रस्त हुई तेज रफ्तार प्राइवेट बस।
बस हादसे में यह लोग हुए घायल
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए बस ड्राइवर हेमराज (42) को कड़ी मशक्कत से बाहर निकाला जा सका। ड्राइवर के अलावा बस में सवार माया (25), शारदा (45), प्रेमलाल (43), रामपाल (30), प्रेमी देवी (60), मंजू (21), रीमा (35), शैल (31), चूड़ामणि (51), सुभाष (14), विमला (64), प्रकाश (25), कृष्णुराम (76), मनोरमा (39) तथा रमेश (40) भी घायल हो गए। घायलों को तुरंत सीएचसी मारकंड पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल हुए बस ड्राइवर हेमराज तथा प्रेमी देवी, प्रेमलाल व रीमा को आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। वहीं, 10 अन्य घायल बिलासपुर अस्पताल भेजे गए। नम्होल चौकी प्रभारी सोहन सिंह ने बताया कि बस ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही व तेज रफ्तार से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।