पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 9 साल बाद फिर आई 191 मेगावाट के थाना पलौण प्रोजेक्ट की याद

9 साल बाद फिर आई 191 मेगावाट के थाना पलौण प्रोजेक्ट की याद

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
राज्य सरकार मंडी जिला के कोटली में प्रदेश का पहला हाइड्रो पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट बनाने जा रही है। वर्ष 2009 में मंडी के थाना पलौण में 191 मेगावाट विद्युत प्रोजेक्ट बनाने की घोषणा की थी। उसके बाद प्रोजेक्ट पर कोई काम नहीं हो पाया। 9 सालों के बाद एक बार फिर से राज्य सरकार ने इस प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ाने के लिए नए सिरे से कवायद शुरू की है। ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने राज्य सचिवालय में हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों के साथ इस मसले पर बैठक की। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि इस की प्रोजेक्ट रिपोर्ट नए सिरे से तैयार करे। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के प्रारूप में भी बदलाव किया जा रहा है। इसे पंप स्टोरेज हाइड्रो प्रोजेक्ट बनाया जाएगा।

मंडी के कोटली में बनेगा हिमाचल का पहला पंप स्टोरेज हाइड्रो प्रोजेक्ट, वर्ष 2009 में विद्युत प्रोजेक्ट के लिए हुई थी घोषणा पर शुरू नहीं हो पाया

ये होगा फायदा

इस प्रोजेक्ट के बन जाने के बाद 191 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जाएगा। वहीं मंडी और तुंगल घाटी के लोगों को रोजगार का अवसर भी मिलेंगे। इस प्रोजेक्ट के लिए सरकार खासी रूचि दिखा रही है।

9 सालों से इसलिए लटका था प्रोजेक्ट

मंडी में प्रस्तावित थाना पलौण जलविद्युत प्रोजेक्ट बनाने की प्रक्रिया वर्ष 2009 में शुरू हुई थी। तकनीकी व आर्थिक मंजूरी के लिए यह प्रोजेक्ट केंद्र को भेजा गया। हिमाचल सरकार ने इस प्रोजेक्ट के निर्माण का जिम्मा हिमाचल प्रदेश पॉवर कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीपीसीएल) को 2009 में सौंपा था। इस प्रोजेक्ट की डीपीआर कॉरपोरेशन ने दिसंबर, 2013 में तकनीकी व आर्थिक मंजूरी के लिए केंद्रीय भूजल बोर्ड को भेजी थी। यह प्रोजेक्ट विवादों के बीच ही उलझा रहा। राज्य सरकार अब नए सिरे से इसके लिए प्रयास कर रही है।

टिहरी की तर्ज पर बनना है प्रोजेक्ट

मुख्य बांध का निर्माण थाना गांव में होगा। इसके साथ ही पावर हाउस बनेगा। प्रोजेक्ट का बांध 108 मीटर ऊंचा होगा। 427 हेक्टेयर जमीन इस प्रोजेक्ट की भेंट चढ़ेगी। इसमें 406 हेक्टेयर वन व 21 हेक्टेयर निजी भूमि है। जहां पर ये डैम बनेगा उसके आसपास ऊंची-ऊंची पहाड़िया हैं। डैम में जो एक्सट्रा पानी होगा उसे वहां से लिफ्ट कर दूसरी जगह स्टोर किया जाएगा। इसके लिए फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश पॉवर कारपोरेशन को दिए गए हैं। उत्तराखंड के टिहरी डैम की तर्ज पर इस प्रोजेक्ट की तर्ज पर इसे तैयार किया जाएगा। प्रोजेक्ट निर्माण से लोगों पर क्या सामाजिक असर होगा, इस पर अध्ययन शुरू किया जाएगा। प्रोजेक्ट का जलाशय मुख्य बांध से लेकर बिजणी तक करीब 18 किलोमीटर, राणा खड्ड की तरफ 4.5 किलोमीटर व अरनोडी खड्ड में डेढ़ किलोमीटर के दायरे में फैलेगा। प्रोजेक्ट से कोई मकान व व्यावसायिक स्थल प्रभावित नहीं होगा।

औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश

191 मेगावाट की थाना पलौण विद्युत परियोजना का निर्माण करने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पॉवर कारपोरेशन के अधिकारियों को इसके लिए औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। यह प्रदेश का पहला हाइड्रो पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट होगा। टिहरी प्रोजेक्ट की तर्ज पर इसका निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। अनिल शर्मा, ऊर्जा मंत्री

खबरें और भी हैं...