राज्य के शहर से लेकर गांव को स्वच्छ बनाने के लिए राज्य सरकार पॉलिथीन के खिलाफ विशेष मुहिम शुरू करने जा रही है। ‘पॉलीथिन हटाओ, पर्यावरण बचाओ अभियान’ के नाम से शुरू होने वाली यह विशेष मुहिम 27 मई से 2 जून तक चलेगी। पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग इसका आयोजन करने जा रहा है। अभियान को शहरों से लेकर राज्य के हर गांव तक पहुंचाया जाएगा।
राज्य सरकार के मंत्री से लेकर विधायक और जन प्रतिनिधि भी इस मुहिम को सफल बनाने के लिए सड़कों पर उतरेंगे। स्कूली छात्रों का भी सहयोग इसमें लिया जाएगा। अभियान को राज्य के सभी जिलों में शुरू किया जाएगा। संबंधित जिलों के डीसी इस अभियान के लिए समन्वय स्थापित कर निगरानी भी करेंगे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के दौरान पूरे प्रदेश भर से प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया जाएगा, जिसका उपयोग लोक निर्माण विभाग सड़क बनाने में करेगा। जिस कचरे का उपयोग सड़क निर्माण में न हो सके उसे सीमेंट उद्योगों में इंधन के रूप में प्रयोग किया जाएगा।
इस दौरान नदी, नालों, पानी के स्रोतों के आसपास के क्षेत्र, पर्यटक स्थलों की सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पीडब्ल्यूडी को सड़क बनाने के लिए दिया जाएगा प्लास्टिक
अच्छा काम करने वालों को मिलेगा सम्मान
प्रदेश सरकार संबंधित शहरी स्थानीय निकायों, पंचायती राज संस्थानों, विभागों एवं संस्थाओं द्वारा प्रदेश को साफ-सुथरा रखने के लिए किए गए बेहतरीन कार्यों का मूल्यांकन कर प्रोत्साहित व सम्मानित भी करेगी। सरकार ने सभी प्रदेशवासियों से इस कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
इसलिए लिया फैसला
पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के निदेशक डीसी राणा ने बताया कि इस वर्ष के विश्व पर्यावरण दिवस में पर्यावरण प्लास्टिक प्रदूषण विषय के तहत प्रदेश सरकार द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि जनता के सहयोग से एक साप्ताहिक पॉलीथिन उन्मूलन कार्यक्रम ‘पॉलीथिन हटाओ, पर्यावरण बचाओ अभियान’ पूरे राज्य में चलाया जाए।
पंचायत स्तर पर कार्यक्रम
यह कार्यक्रम शहरी स्थानीय निकायों, पंचायती राज संस्थानों द्वारा संचालित किया जाएगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी सरकारी कार्यालयों, संस्थानों एवं गैर-सरकारी संस्थानों का सहयोग भी लिया जाएगा। इस कार्यक्रम में स्थानीय मंत्रियों, विधायकों एवं अन्य जन-प्रतिनिधियों को शामिल कर उनके नेतृत्व में आम जनता को प्रेरित किया जाएगा।